शहीद मोहन नाथ गोस्वामी की पत्नी भावना गोस्वामी की हाईकोर्ट में रिट याचिका
रिपोर्ट – ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल स्थित उत्तराखंड हाईकोर्ट में शहीद लांस नायक मोहन नाथ गोस्वामी की पत्नी भावना गोस्वामी की रिट याचिका पर सुनवाई हुई। अदालत ने राज्य सरकार को अपना काउंटर पेश करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद तय की गई है।
याचिकाकर्ता के अधिवक्ता पंकज गोस्वामी और ललित गोस्वामी ने बताया कि भावना गोस्वामी को अब तक सरकार की ओर से किसी भी प्रकार की सुविधा प्राप्त नहीं हुई है। इसके चलते उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
ज्ञात हो कि आतंकियों से लोहा लेते हुए लांस नायक मोहन नाथ गोस्वामी वर्ष 2015 में शहीद हो गए थे। उनकी वीरता और अदम्य साहस को देखते हुए वर्ष 2016 में अभिनेता अक्षय कुमार ने उनके परिवार की आर्थिक मदद की थी।
अधिवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री और राज्यपाल से भी भावना गोस्वामी कई बार रोजगार व अन्य सुविधाओं के लिए गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई। ऐसे में मजबूर होकर उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है।

