HTML tutorial
HTML tutorial

कालसी में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विकास की सौगात, 2100 दीपों से जगमगाया यमुना तट

कालसी में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विकास की सौगात, 2100 दीपों से जगमगाया यमुना तट
Spread the love

कालसी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालसी पहुंचकर क्षेत्र को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विकास से जुड़ी कई सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने माँ यमुना की प्रतिमा का अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण तथा माँ यमुना कृष्ण मंदिर का शिलान्यास किया। इस अवसर पर माँ यमुना के पावन तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम और यमुना आरती का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने साधु-संतों, श्रद्धालुओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ यमुना आरती में प्रतिभाग किया।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने माँ यमुना के तट पर दीप प्रज्वलित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री के साथ साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने भी दीप प्रज्वलित किए। इस अवसर पर कुल 2100 दीपों से यमुना का पावन तट जगमगा उठा। दीपों की रोशनी के बीच आयोजित यमुना आरती से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कालसी की धरती इतिहास, आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की भूमि है। माँ यमुना की प्रतिमा का अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण और यमुना आरती जैसे आयोजन क्षेत्र की आध्यात्मिक पहचान को और मजबूत करेंगे। माँ यमुना कृष्ण मंदिर का शिलान्यास भी क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन सनातन परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हनोल मास्टर प्लान के लिए ₹150 करोड़ की स्वीकृति की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनसार-बावर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इसके माध्यम से धार्मिक पर्यटन से जुड़ी अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जाएगा और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि लाखामंडल सहित जौनसार क्षेत्र के अन्य ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ पर्यटन की संभावनाओं को विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से होमस्टे, स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प, परिवहन, खान-पान और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं और उद्यमियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र की आर्थिकी मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि जौनसार-बावर की विशिष्ट लोक संस्कृति, परंपराएं, वास्तुकला और प्राकृतिक सौंदर्य उत्तराखंड की अमूल्य धरोहर हैं। विकास के साथ इन परंपराओं और विरासत का संरक्षण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास को गति मिली है। चारधाम के साथ प्रदेश के विभिन्न पौराणिक, ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में कालसी, हनोल, लाखामंडल और जौनसार-बावर क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को नई पहचान देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य हो रहा है।

इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सचिव रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि, अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न साधु-संत और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles