दून विश्वविद्यालय में ‘युवा संवाद’, मुख्यमंत्री ने दो नए भवनों और कम्युनिटी रेडियो का किया उद्घाटन

दून विश्वविद्यालय में ‘युवा संवाद’, मुख्यमंत्री ने दो नए भवनों और कम्युनिटी रेडियो का किया उद्घाटन
Spread the love

देहरादून। दून विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में दीक्षारंभ कार्यक्रम ‘युवा संवाद’ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की केंद्रीय लाइब्रेरी, स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल साइंसेज के नवनिर्मित भवनों तथा दून विश्वविद्यालय कम्युनिटी रेडियो 88.4 एफएम का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय लाइब्रेरी का नाम भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर रखने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, विधायक विनोद चमोली और अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कुलपति ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय के विकास में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री धामी ने छात्रों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने स्कूल ऑफ लैंग्वेज के स्पैनिश, जर्मन, फ्रेंच, चीनी, जापानी और अंग्रेजी भाषा विभागों में UGC मानकों के अनुरूप शैक्षणिक पदों की स्वीकृति देने की बात कही। साथ ही कम्युनिटी रेडियो के लिए समन्वयक और तकनीकी सहायक के दो पदों पर नियुक्ति को भी मंजूरी देने की घोषणा की।

विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की परिवहन संबंधी समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने दो इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की सहमति भी दी। उन्होंने युवाओं से देश के प्रति समर्पित रहते हुए AI और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक विषयों में आगे बढ़ने तथा शोध को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

‘युवा संवाद’ के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्किल डेवलपमेंट, दूरस्थ क्षेत्रों में नए शिक्षण संस्थानों की स्थापना, रोजगार के अवसर, मानसिक स्वास्थ्य के लिए काउंसलिंग, सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़े सवाल मुख्यमंत्री के सामने रखे। मुख्यमंत्री ने छात्रों के सवालों की सराहना करते हुए दुर्गम क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध संस्थानों को बढ़ावा देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए ऐसा मॉडल तैयार किया जाना चाहिए, जिसमें इकोनॉमी और इकोलॉजी के बीच संतुलन बना रहे। साथ ही युवाओं को भविष्य में होने वाले तेजी से बदलावों के लिए तैयार रहने की सलाह दी।

विधायक विनोद चमोली ने विश्वविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता की सराहना करते हुए अर्बन मैनेजमेंट कोर्स में सिटी मैनेजमेंट को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने युवाओं से अकादमिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव दुर्गेश डिमरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन प्रो. एचसी पुरोहित ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles