प्रेमनगर में छात्र गुटों की मारपीट में युवक की मौत, 3 आरोपी हिरासत में

प्रेमनगर में छात्र गुटों की मारपीट में युवक की मौत, 3 आरोपी हिरासत में
Spread the love

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में दो छात्र गुटों के बीच हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 23 मार्च 2026 की रात कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि केहरी गांव, प्रेमनगर में कुछ युवकों के बीच विवाद और मारपीट हुई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर थानाध्यक्ष प्रेमनगर पुलिस बल के साथ तत्काल सीएचसी प्रेमनगर पहुंचे, जहां घायल की पहचान दिव्यांशु जाटराना (22) निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।

घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे दून अस्पताल रेफर किया। एम्बुलेंस उपलब्ध न होने पर पुलिस द्वारा उसे सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान देर रात युवक की मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है।

मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं और उनके बीच कॉलेज में वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते यह विवाद हिंसक हो गया।

पुलिस ने मामले में शामिल तीन अभियुक्तों—युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल और शिवम शर्मा—को हिरासत में लिया है। सभी आरोपी छात्र बताए जा रहे हैं। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles