खेलों के माध्यम से युवा निखारें प्रतिभा: राकेश राणा, देवेंद्र नौटियाल
टिहरी।जिला मुख्यालय नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम परिसर स्थित हाल में ‘टिहरी कप’ कैरम प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश राणा एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी देवेंद्र नौटियाल ने संयुक्त रूप से किया।
इस प्रतियोगिता में लगभग 20 टीमों ने भाग लिया। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा खेलों के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने सरकार से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और आयोजनों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
आयोजन समिति के सदस्य—निकेश धीमान, दानिश बेग, अफजल बेग, रसूल बेग, इमरान खान, सरफराज, अकबर, सलीम बाबू और गगन सहित अन्य लोगों ने अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में कुंजापुरी क्लब और आयोजन समिति की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसे दर्शकों ने बड़े उत्साह के साथ देखा।
आयोजन समिति के अनुसार, डबल्स वर्ग में विजेता टीम को ₹5100 तथा उपविजेता को ₹3100 की धनराशि दी जाएगी। वहीं सिंगल्स वर्ग में विजेता को ₹3100 और उपविजेता को ₹2100 के साथ अन्य आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन खेल भावना और उत्साह के माहौल में शुरू हुआ, जिसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।

