अराजक तत्वों द्वारा लोनिवि सहिया कार्यालय में खुलेआम की गयी घटना की कर्मचारी नेता दीपक जोशी ने की कड़ी निंदा
देहरादून। कर्मचारी नेता दीपक जोशी ने शुक्रवार के दिन लोक निर्माण विभाग, सहिया के कार्यालय मे अराजक तत्वो द्वारा खुलेआम की गयी अराजकता व हथियार के बल पर की गयी गुंडागर्दी की घटना को अत्यन्त निंदनीय बताते हुए कड़ी भर्त्सना की।
उन्होंने कहा कि इस तरह से शासकीय दायित्वों के निर्वहन मे सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को अराजक तत्वो द्वारा हथियारों के बल पर डराये धमकाये जाने का संज्ञान तत्काल सहिया क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियो के साथ-साथ सरकार को लेना चाहिए तथा पुलिस प्रशासन को अमुक अराजक तत्वो के विरूद्ध गैर कानूनन हथियार रखने, सरकारी कार्य मे बाधा डालने तथा गैर इरादतन सरकारी अधिकारियो व कर्मचारियो को धमकी दिये जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर ऐसे लोगो की तत्काल गिरफ्तारी की जानी चाहिये।
कर्मचारी नेता जोशी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि लोक निर्माण विभाग सहिया के सभी अधिकारियो और कर्मचारियो के जान माल की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने हेतु पुलिस महानिदेशक को कडे निर्देश दिये जायें तथा क्षेत्रीय विधायक से भी कार्मिको की सुरक्षा सुनिश्चित करने का विशेष अनुरोध है।

