गंगा में डूब रहे जयपुर के एक ही परिवार के चार लोगों को टिहरी पुलिस ने बचाया, साहसिक रेस्क्यू से टला बड़ा हादसा

गंगा में डूब रहे जयपुर के एक ही परिवार के चार लोगों को टिहरी पुलिस ने बचाया, साहसिक रेस्क्यू से टला बड़ा हादसा
Spread the love

टिहरी। मुनिकीरेती क्षेत्र के शत्रुघ्न घाट पर टिहरी पुलिस, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए गंगा की तेज धारा में बह रहे एक ही परिवार के चार लोगों की जान बचाकर बड़ा हादसा टाल दिया।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को जयपुर (राजस्थान) से आया एक परिवार शत्रुघ्न घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान परिवार के सदस्य नानू का पैर फिसल गया और वह गंगा की तेज धारा में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी तेज बहाव की चपेट में आ गए और चारों डूबने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही घाट पर ड्यूटी पर तैनात टिहरी पुलिस एवं आपदा राहत दल ने बिना समय गंवाए गंगा में छलांग लगा दी। लाइफ बॉय की सहायता से सभी चारों लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया गया। पुलिस की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

रेस्क्यू के बाद सभी को आवश्यक प्राथमिक सहायता प्रदान की गई। अपनी जान बचने पर परिवार के सदस्यों ने टिहरी पुलिस, जल पुलिस और आपदा राहत दल का आभार व्यक्त किया।

रेस्क्यू अभियान में हेड कांस्टेबल विदेश चौहान, हेड कांस्टेबल राजेंद्र, गोताखोर पियूष चौहान, गोताखोर महेंद्र चौधरी सिंह तथा संतोष कुमार शामिल रहे, जिन्होंने साहस, सतर्कता और टीमवर्क का परिचय देते हुए गंगा की तेज धारा में बह रहे चार लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उनकी जान बचाई।

टिहरी पुलिस ने मानसून के दौरान श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि गंगा का जलस्तर और बहाव इस समय अत्यधिक तेज है। ऐसे में केवल निर्धारित सुरक्षित स्थलों पर ही स्नान करें तथा पुलिस के निर्देशों और चेतावनी संकेतों का पालन कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें।

देवभूमि खबर

Related articles