संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों पर ऊधम सिंह नगर पुलिस का बड़ा एक्शन, 94 लाइसेंस कब्जे में, 119 हथियार जमा

संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों पर ऊधम सिंह नगर पुलिस का बड़ा एक्शन, 94 लाइसेंस कब्जे में, 119 हथियार जमा
Spread the love

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के विरुद्ध जनपदव्यापी विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बाहरी राज्यों एवं गैर जनपदों से जारी संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की पहचान, सत्यापन और जांच के लिए गठित तीन विशेष पुलिस टीमों ने अब तक 678 शस्त्र लाइसेंसों में से 626 का सत्यापन पूरा कर लिया है।

अभियान के दौरान 108 संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस चिन्हित किए गए, जिनमें से 94 लाइसेंस पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए, जबकि 119 शस्त्र संबंधित थानों में जमा कराए गए हैं। संदिग्ध लाइसेंसों की वैधानिकता और उनके निर्गमन की प्रक्रिया की गहन जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को कोतवाली कुण्डा में फर्जी शस्त्र लाइसेंस के मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान यह खुलासा हुआ था कि जनपद में बाहरी राज्यों एवं अन्य जिलों से जारी कई संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर हथियार खरीदे और इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार हथियार और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने 25 जून 2026 को तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन कर सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान शुरू कराया। अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई बाजपुर, गदरपुर, केलाखेड़ा, काशीपुर, कुण्डा, जसपुर और सितारगंज क्षेत्रों में की गई, जहां बड़ी संख्या में संदिग्ध लाइसेंस जब्त किए गए और हथियार जमा कराए गए।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अवैध और संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा शस्त्र लाइसेंसों की वैधता की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles