आंगनवाड़ी कर्मियों का मासिक मानदेय डिजिटल तरीक़े से सीधे उनके खाते मे दिया जाएगा:मुख्यमंत्री

आंगनवाड़ी कर्मियों का मासिक मानदेय डिजिटल तरीक़े से सीधे उनके खाते मे दिया जाएगा:मुख्यमंत्री
Spread the love

देहरादून । मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सनातन धर्म इंटर कॉलेज रेसकोर्स में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्मिकों का दो लाख रुपये का मुफ्त दुर्घटना बीमा और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्मय से सेनेटरी नेपकिन फ्री सहित कई घोषणाएं की। इस दौरान आंगनवाड़ी संगठन द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए मानदेय वृद्धि करने पर आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री धामी ने सभी आंगनवाड़ी कर्मियों को ₹2 लाख का वार्षिक दुर्घटना बीमा पॉलिसी उपलब्ध करवाई जाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कर्मियों का मासिक मानदेय डिजिटल तरीक़े से सीधे उनके खाते मे दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के 25 प्रतिशत पद आंगनवाड़ी सहायिकाओं, जिन्होंने 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूर्ण की हो और आवश्यक शैक्षिक योग्यता पूरी करती हो, के द्वारा भरे जायेंगे।उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिन लोगों पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू नहीं होता है, उन्हें दिसंबर 2021 से मार्च 2022 तक प्रत्येक माह कुल 20 किलोग्राम खाद्यान्न/प्रति कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। महिला सशक्तीकरण हेतु राज्य सरकार द्वारा अनेक कार्य किये जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सेनेटरी नैपकिन के लिए जो एक रुपये का भुगतान करना पड़ता था वो अब निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी वर्कर का मानदेय बढ़ाकर उनके ऋण को चुकाने का प्रयास किया है। राज्य सरकार ने आजीविका से जुड़ी प्रदेश की महिलाओं को मजबूत करने के लिए ₹119 करोड़ का कोविड राहत पैकेज जारी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों-मिनी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं द्वारा लंबे समय से मानदेय वृद्धि को लेकर चली आ रही मांग को धामी सरकार द्वारा न सिर्फ पूरा किया गया बल्कि एक सम्मानजनक वृद्धि के साथ उनको महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास की रीढ़ के रूप में पहचान दिलायी तथा उनकी सरकार ने सदैव आंगनवाड़ी कर्मी और महिला मुद्दों के लिए संवेदनशीलता से कार्य किया है । उत्तराखंड उन शीर्ष राज्यों में से एक है , जहाँ आंगनवाड़ी कार्मिकों के मानदेय में राज्य सरकार द्वारा केंद्र सरकार से अधिक अंश दिया जा रहा है। बताया कि गत माह आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री, मिनी कार्यकर्त्री एवं सहायिकाओं के मानदेय में क्रमशः 1800, 1500 एवं 1500 की वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि उनकी सरकार ने आंगनवाड़ी कार्मिकों को न सिर्फ विभाग की बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य एवं जागरूकता अभियान की रीढ़ के रूप आनगांवड़ी कार्यकर्त्रियों के महत्व को सदैव माना है और इसलिए उनके हक में प्रति कार्मिक रु0 12000/- प्रोत्साहन राशि दिए जाने, मानदेय बढ़ाये जाने के अतिरिक्त उनको 180 दिन का मातृत्व अवकाश दिए जाने, सेवानिवृत्ति पर आँगनवाड़ी कल्याण कोष से एकमुश्त धनराशि दिए जाने तथा सेनेटरी नैपकिन की बिक्री पर प्रति पैकेट प्रोत्साहन राशि दिए जाने संबंधी निर्णय भी लिए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी द्वारा आंगनवाड़ी कार्मिकों को 2 लाख रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी से आच्छादित करने की घोषणा के साथ उनके समयबद्ध मानदेय भुगतान एवं उसकी सूचना को पूर्णतः डिजिटल करने तथा सुपरवाइजर पद हेतु आवेदन को पूर्णतः डिजिटल करने की घोषणा की।

विभागीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के इसी ऐतिहासिक निर्णय का आभार व्यक्त करने हेतु प्रदेश भर के लगभग 35 हज़ार आंगनवाड़ी कार्मिको द्वारा ‘आभार अभिव्यक्ति समारोह’ आयोजित किया जा रहा है जो कि बीते पांच वर्षों में विभाग की ‘सफलता की गूंज’ के रूप में देखा जाना चाहिए। बीते पांच वर्षों में आंगनवाड़ी केंद्रों को ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य एवं पोषण की धुरी मानते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों में गैस सिलिंडर, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता किट, वृद्धि निगरानी हेतु मशीनें, प्री स्कूल किट, मेडिसिन किट तथा किचन गार्डन आदि अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं हैं। और ग्राम स्तर पर आंगनवाड़ी कार्मिकों की सशक्त एवं सक्रिय उपस्थिति का परिणाम है कि आंगनवाड़ी के केंद्रों के माध्यम से प्रतिमाह लगभग 9 लाख लाभार्थियों को पोषाहार उपलब्ध कराया जाता है। हड़ताल से इतर इतनी बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्मिकों का जुटना एक ऐतिहासिक जश्न है । कार्यक्रम के दौरान गढ़वाल मंडल के प्रत्येक जनपद से आई आँगनवाड़ी कार्मिकों द्वारा मुख्यमंत्री जी तथा कैबिनेट मंत्री को शॉल एवं विभिन्न जनपदों से लाये गए स्थानीय उपहारों द्वारा सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक बद्रीनाथ महेंद्र भट्ट, विधायक रुद्रप्रयाग श्री भरत सिंह चौधरी एवं विधायक रायपुर उमेश शर्मा के अतिरिक्त विभागीय सचिव हरि चंद्र सेमवाल, उपनिदेशक डॉ0 एसके सिंह, राज्य परियोजना अधिकारी डॉ0 अखिलेश कुमार मिश्रा सहित समस्त जिला कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles