मुख्यमंत्री ने किया इंटर एक्टिव वॉइस रेस्पॉन्स सिस्टम का शुभारंभ
देहरादून।मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सचिवालय में जनपद हरिद्वार के लिए कोविड 19 के कारण आइसोलेट में रह रहे व्यक्तियों की मॉनिटरिंग हेतु इंटर एक्टिव वॉइस रेस्पॉन्स सिस्टम के ट्रायल रन का शुभारंभ किया।इस आईवीआरएस प्रणाली के द्वारा कोविड 19 के कारण आइसोलेशन में रह रहे व्यक्तियों की मॉनिटरिंग की जाएगी।सिस्टम द्वारा पूछे गये सवालों की प्रतिक्रिया के अनुसार सभी समस्याएं एवं जानकारियां सिस्टम में दर्ज हो जाएगी।
इस प्रणाली के माध्यम से लक्षण ,टेस्टिंग एवं फॉलोअप से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं।उनके उत्तर के अनुसार सभी समस्याओं के निराकरण हेतु नोडल अधिकारियों को सूचित कर तत्काल मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने आइसोलेशन में रह रहे एक व्यक्ति से फोन पर बात कर स्वास्थ्य का हाल जाना।मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड से संक्रमित व्यक्ति की मॉनिटरिंग करना तो आवश्यक है परंतु सम्बन्धित के अनुसार सुविधाजनक समय पर सम्पर्क किया जाय।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी हरिद्वार को मंदिरों में इस्तेमाल होने वाले फूलों की बर्बादी पर ध्यान आकर्षित करते हुए फूलों को दुबारा प्रयोग करने वाले सिस्टम को विकसित करने की बात कही।इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष चंडीघाट में साउंड एवं लाइट शो का प्रस्तुतिकरण किया गया।जिला प्रशासन हरिद्वार की ओर से कोरोना वारियर्स के लिए कोटि कोटि नमन सांग भी लॉन्च किया गया।
इस अवसर पर मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा ,मुख्यमंत्री के आईटी सलाहकार रविन्द्र दत्त पेटवाल, एसएसपी हरिद्वार सेंथिल अबुदई कृष्णराज उपस्थित थे।

