उपाध्यक्ष महिला आयोग ने पिथौरागढ़ में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों से महिलाओं से जुड़ी समस्याओं पर की चर्चा
पिथौरागढ़।जनपद भ्रमण पर पहुंची उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग ज्योति साह मिश्रा ने विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागाधिकारियों के साथ महिलाओं से संबंधित समस्याओं के निराकरण के संबंध में बैठक की ।
जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी ने पुष्पगुच्छ देकर आयोग उपाध्यक्ष का स्वागत किया । उपाध्यक्ष महिला आयोग ने बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों से महिलाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। उपाध्यक्ष ने सर्वप्रथम चिकित्सा विभाग से शुरुआत की। अपर मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा जनपद स्तर पर चिकित्सा विभाग की समस्याओं से उपाध्यक्ष को अवगत कराया गया साथ ही जनपद के जिला अस्पताल की जर्जर हालत, जनपद अंतर्गत सर्जन और हार्ट स्पेशलिस्ट न होने से होने वाली समस्याओं से भी अवगत किया। जनपद में गर्भवती महिलाओं की प्रसव के दौरान होने वाली मृत्यु पर चिंता जाहिर करते हुए जनपद अंतर्गत सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा सुविधा बेहतर करने की बात कही। जिला पर्यटन अधिकारी से उनके स्तर पर महिलाओं को लाभान्वित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली साथ ही ग्रामीण स्तर पर होमस्टे के माध्यम से महिलाओं को लाभान्वित करने के लिए कहा। इसके अतिरिक्त उद्योग महाप्रबंधक से ग्रामीण स्तर की महिलाओं को डेयरी, पशुपालन, रेस्टोरेंट आदि अन्य स्वरोजगार के अफसर उपलब्ध कराने का कार्य करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की बात कही। जनपद स्तर पर मनरेगा के अंतर्गत 60 से 70% महिला श्रमिक हैं। जिला माध्यमिक शिक्षा अधिकारी से ” संपर्क अभियान ” के माध्यम से गांव-गांव की महिलाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्कूलों में अध्ययनरत बालक-बालिकाओं को व्यवसायिक शिक्षा प्रदान करने के लिए कहा। उपाध्यक्ष महिला आयोग ने कहा कि समाज का स्तर सुधारने के लिए अच्छी शिक्षा बेहद जरूरी है। इसके अतिरिक्त बच्चों को पुलिस हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन, तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर की जानकारी भी प्रदान करने के लिए कहा। उपाध्यक्ष महिला आयोग ने समस्त विभागाधिकारियों से कहा कि जनता से मिलकर उनकी समस्याएं को जाने और उनको शीघ्र हल करने का प्रयास करें। इसके अतिरिक्त पिछड़े एवं अति पिछड़े क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां किस-किस प्रकार की समस्याएं हैं उनकी जानकारी प्राप्त कर उन समस्याओं का समाधान कर विकास का कार्य भी किया जाए।
इस दौरान कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, जिला माध्यमिक शिक्षा अधिकारी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी, जिला उद्योग महाप्रबंधक, महिला बाल विकास अधिकारी, पुलिस अधिकारी आदि अन्य विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे

