ब्लॉक बिण की बीडीसी बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

पिथौरागढ़। विकासखंड बिण सभागार में गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख श्रीमती लक्ष्मी गोस्वामी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने विकासखंड में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों व सुझावों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।
बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सड़क, सिंचाई, ग्रामीण संपर्क मार्ग, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं दवाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि विकासखंड एवं जनपद स्तर पर हल होने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए, जबकि शासन स्तर से संबंधित मामलों को बिना विलंब अग्रसारित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीण आजीविका, स्वच्छता, पेयजल, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा अन्य विकास कार्यक्रमों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
ब्लॉक प्रमुख श्रीमती लक्ष्मी गोस्वामी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दे सीधे जनता से जुड़े हैं, इसलिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर उनका शीघ्र एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र अवस्थी, विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

