काशीपुर पुलिस और यूपी STF की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा खुलासा – 2000 लीटर अवैध ENA बरामद, शातिर तस्कर गिरफ्ता

Spread the love

ENA से बनती है नकली शराब, IGL कंपनी कनेक्शन की भी जांच** एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

काशीपुर – उत्तराखंड में नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशानुसार काशीपुर पुलिस व उत्तर प्रदेश STF की संयुक्त कार्रवाई में 2000 लीटर अवैध ENA (Extra Neutral Alcohol) बरामद कर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

दिनांक 16 मई 2025 को गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश से आई एसटीएफ टीम थाना रेहड़ में दर्ज केस (FIR No. 40/2025) में वांछित आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सेठी, पुत्र अवतार सिंह, निवासी बाला फार्म, बेरिया दौलत, थाना केलाखेड़ा, जनपद उधमसिंह नगर की तलाश में कुण्डेश्वरी चौकी पहुंची। पुलिस व STF की टीम ने दबिश देकर अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के घर से 8 प्लास्टिक कैनों में 400 लीटर ENA बरामद किया गया। पूछताछ में उसने बाजपुर में भी ENA छुपाकर रखने की जानकारी दी, जिसपर बाजपुर क्षेत्र की एक दुकान से 31 जरिकेन (प्रत्येक 50 लीटर) ENA और पांच कट्टों में नकली शराब में प्रयोग होने वाले खाली पव्वे बरामद किए गए।

अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली काशीपुर में FIR No. 211/25 धारा 3(5)/274/275/317(4)/317(5) BNS और 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने बरामद ENA को IGL कंपनी से निर्मित बताया, जिस संबंध में IGL फैक्ट्री से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस और एसटीएफ की इस त्वरित व सटीक कार्रवाई ने नकली शराब माफिया के नेटवर्क को गहरी चोट दी है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान लगातार सख्ती से जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles