सुद्धोवाला जेल से रची गई डैक्कन वैली हत्याकांड की साजिश का टिहरी पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
जेल में बंद गैंगस्टर और बाहरी शूटर्स की मिलीभगत से की गई हत्या, मुख्य शूटर बिहार से गिरफ्तार *
*DGP उत्तराखंड ने सराहा टिहरी पुलिस का कार्य, ₹50,000 इनाम की घोषणा*
देहरादून/टिहरी – टिहरी पुलिस ने एक संगठित अपराध के जटिल जाल का भंडाफोड़ करते हुए डैक्कन वैली, तपोवन में हुए हाई प्रोफाइल हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है। टिहरी जनपद के थाना मुनिकीरेती क्षेत्र अंतर्गत 07 मई 2025 को हाईड आउट कैफे व जीवन उत्सव रिज़ॉर्ट के संचालक नितिन देव की स्कूटी सवार अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
एसएसपी टिहरी श्री आयुष अग्रवाल के नेतृत्व में गठित 6 विशेष टीमों ने अंतरराज्यीय स्तर पर व्यापक छानबीन की, जिसमें तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और फील्ड इन्वेस्टिगेशन जैसे कई पहलुओं को खंगाला गया।
जांच के दौरान सामने आया कि यह हत्या सुद्धोवाला जेल में बंद विपिन नैय्यर द्वारा रची गई साजिश का हिस्सा थी, जिसने नितिन देव से व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते इस वारदात को अंजाम देने की ठानी। जेल में उसकी मुलाकात कुख्यात अपराधी रामवीर सिंह से हुई, जिसके माध्यम से हत्या की सुपारी बिहार निवासी बिमलेश उर्फ विकास को दी गई।
बेल पर जेल से बाहर आने के बाद विपिन ने दिल्ली और ऋषिकेश में बिमलेश से मुलाकात कर साजिश को अंतिम रूप दिया। दो शूटरों को डैक्कन वैली के ही एक फ्लैट में फर्जी पहचान पत्रों पर ठहराया गया, जहाँ से उन्होंने मृतक की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका पाकर हत्या कर दी।
टिहरी पुलिस द्वारा की गई त्वरित और सटीक कार्रवाई के तहत अभियुक्त बिमलेश को दिनांक 16 मई 2025 को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या की सुपारी और अन्य अभियुक्तों की संलिप्तता को स्वीकार किया है।
पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने टिहरी पुलिस की इस उत्कृष्ट सफलता पर प्रशंसा व्यक्त करते हुए ₹50,000 के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। साथ ही SSP टिहरी को निर्देश दिए गए हैं कि फरार शूटरों और अन्य सहयोगियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

