जाने माने वकील पूर्व कानून मंत्री राम जेठमलानी का 95 साल की उम्र में निधन
नई दिल्ली। पूर्व कानून मंत्री वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी का निधन हो गया ।जेठमलानी 95 साल की उम्र के थे।जेठमलानी ने कई हाई प्रोफ़ाइल आपराधिक मुक़दमों को लड़ा था और इस मामले में उनकी काफ़ी प्रतिष्ठा भी रही है।जेठमलानी का जन्म 14 सितंबर, 1923 में हुआ था।17 साल की उम्र में जेठमलानी ने क़ानून की डिग्री ले ली थी. इनका जन्म वर्तमान पाकिस्तान में हुआ था लेकिन विभाजन के वक़्त भारत में आ गए थे।। जेठमलानी ने 1959 में ही नानावती केस में अपनी पहचान बना ली थी। इसके बाद से वो क्रिमिनल लॉ प्रैक्टिस के दिग्गज चेहरा बन गए. जेठमलानी के दो बेटे और दो बेटियां हैं. इनमें से महेश जेठमलानी और रानी जेठमलानी भी जाने-माने वकील हैं।जेठमलानी के हाई-प्रोफ़ाइल केस में इंदिरा गांधी हत्या, हर्षद मेहता स्टॉक घपला, केतन पारेख, एलके आडवाणी हवाला, जयललिता की अघोषित संपत्ति, टू-जी में कनिमोई का बचाव, जेसिका लाल मर्डर में मनु शर्मा का बचाव, चारा घोटाला में लालू प्रसाद यादव, खनन घोटाला में येदियुरप्पा का केस, संसद पर हमले में अफज़ल गुरु का केस, सहारा सेबी केस में सुब्रतो रॉय का बचाव और रामलीला मैदान वाक़ये में बाबा रामदेव का बचाव अहम हैं।2017 में राम जेठमलानी ने क़ानूनी पेशे से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी थी. जेठमलानी 1988 में राज्यसभा सांसद बने थे. इसके बाद से वो मुख्यधारा की राजनीति में सक्रिय रहे. 1996 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में जेठमलानी क़ानून मंत्री बने।

