तस्कर दबोचा, नशीली गोलियां व इंजेक्शन बरामद
हल्द्वानी। पुलिस ने नशीली गोलियां व इंजेक्शन बेचने वाले नशे के तस्कर को दबोच लिया। उसके पास से भारी मात्रा में इंजेक्शन व गोलियां बरामद की गई हैं।
बीती रात बनभूलपुरा थानाध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी, उसी दौरान चिराग अली शाह बाबा की मजार के समीप एक युवक संदिग्धावस्था में खड़ा दिखाई दिया। शक होने पर जब पुलिस कर्मियों ने उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें से भारी मात्रा में नशे के इंजेक्शन, गोलियां व सिरिंज बरामद हुईं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गये तस्कर ने अपना नाम मोहम्मद नईम पुत्र रहीम बख्श निवासी इन्द्रानगर बताया। उसने बताया कि वह उक्त नशीली गोलियां व इंजेक्शन हल्द्वानी व बरेली के मेडिकल स्टोरों से खरीद कर लाता है। बरेली में सस्ते दामों में मिलने के चलते वह ज्यादातर माल वहीं से लाता है और यहां महंगे दामों में बेचने का काम करता है। एक इंजेक्शन 250 रुपये व नशीली गोलियां 50 रुपये प्रति पत्ते के हिसाब से बेचता था। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा नशीली गोलियां व इंजेक्शन बेचने की सूचनाएं पहले से ही प्राप्त हो रही थीं। पुलिस उसे रंगेहाथ दबोचने का इंतजार कर रही थी।

