त्यौहारी सीजन में देहरादून की यातायात व्यवस्था पर एडीजी वी. मुरुगेशन की सघन समीक्षा
देहरादून। आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत जनपद देहरादून की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने हेतु अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड श्री वी. मुरुगेशन द्वारा आज जनपद स्तर पर की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में एडीजी महोदय ने निर्देश दिए कि सम्पूर्ण जनपद में सड़क किनारे किये गये अवैध अतिक्रमण के सम्बन्ध में सम्बन्धित थाना प्रभारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए अतिक्रमण हटाये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाए। यातायात पुलिस एवं सीपीयू इंटरसेप्टर के कार्मिकों को ड्यूटी से पूर्व भली-भांति ब्रीफ किया जाए तथा सुचारू यातायात व्यवस्था हेतु उपलब्ध यातायात निरीक्षक, उपनिरीक्षक व अपर उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र का निर्धारण कर उन्हें भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर नियुक्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि यातायात का अत्यधिक दबाव बढ़ने की स्थिति में ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी और कार्मिक तत्काल कार्रवाई कर जाम से निपटें ताकि यातायात सुचारू बना रहे। त्यौहारी सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था के संचालन हेतु कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुरूप कार्रवाई की जाए और उस कार्ययोजना का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाए जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री नीलेश आनंद भरणे, एसपी नगर श्री प्रमोद कुमार, एसपी यातायात श्री लोकजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
त्यौहारी सीजन के दृष्टिगत देहरादून पुलिस द्वारा जारी रूट एवं पार्किंग प्लान के अनुसार सहस्त्रधारा, रायपुर रोड, राजपुर रोड, सुभाष रोड व डालनवाला क्षेत्र से आने वाले वाहन काबुल हाऊस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, एमडीडीए कॉम्प्लेक्स व मल्टीस्टोरी पार्किंग कनक चौक में पार्क करेंगे। चकराता रोड, जीएमएस रोड व गढ़ी कैन्ट क्षेत्र से आने वाले वाहन जनपथ कॉम्प्लेक्स बिन्दाल, प्रभात कट मैदान व रैंजर्स ग्राउंड में पार्क करेंगे। ईसी रोड, रिस्पना पुल, धर्मपुर, नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से आने वाले वाहन रैंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब व राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में पार्क करेंगे। सहारनपुर चौक, पटेलनगर व पथरीबाग क्षेत्र से आने वाले वाहन पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय व नगर निगम परिसर में पार्क करेंगे जबकि दोपहिया वाहन पलटन बाजार के पास गांधी इंटर कॉलेज व सीएनआई स्कूल में पार्क किए जा सकेंगे।
देहरादून के अन्य बाजारों के लिए धर्मपुर क्षेत्र के वाहनों की पार्किंग रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कॉलोनी के वाहनों की पार्किंग जीएसटी कार्यालय लिंक रोड पर, रिस्पना क्षेत्र के वाहनों की पार्किंग राजीव नगर विधानसभा तिराहे के पास, प्रेमनगर बाजार की पार्किंग दशहरा ग्राउंड में तथा रायपुर शिवमंदिर बाजार की पार्किंग मालदेवता रोड पर निर्धारित की गई है। पलटन बाजार क्षेत्र में प्रातः 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। लोडिंग वाहन केवल राजा रोड से पीपल मंडी से दर्शनी गेट की ओर वन-वे व्यवस्था के तहत जा सकेंगे। व्यापारिक प्रतिष्ठानों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा जबकि अन्य वाहनों का प्रवेश निषिद्ध रहेगा।
त्यौहारों के दौरान भीड़ की स्थिति में ट्रैफिक डायवर्जन की विशेष व्यवस्था की गई है। पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपल मंडी क्षेत्रों को जीरो जोन घोषित किया गया है जहां केवल पैदल यात्री ही जा सकेंगे। सर्वे चौक, घंटाघर, धर्मपुर और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थलों पर आवश्यकता अनुसार यातायात डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है जिसमें टीआई, इंस्पेक्टर, एसआई, हेड कांस्टेबल, ट्रैफिक पुलिस, सिविल पुलिस, आरसी, होमगार्ड और पीआरडी के जवान शामिल हैं।
पूरे शहर में फ्लेक्स बैनर और साइन बोर्ड लगाए गए हैं, एफएम रेडियो व सोशल मीडिया के माध्यम से यातायात प्लान का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। ट्रैफिक क्रेन, एएनपीआर, आरएलवीडी और एसवीडीएस कैमरों के जरिए नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी रखी जा रही है। यातायात व्यवस्था के लिए 10 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं।
देहरादून ट्रैफिक पुलिस ने जनता से अपील की है कि नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन न खड़ा करें अन्यथा 1200 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें, स्थानीय बाजारों में खरीदारी के दौरान दोपहिया वाहनों या सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को अपने बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक सेवाओं जैसे एम्बुलेंस, पुलिस व फायर ब्रिगेड के वाहनों को नहीं रोका जाएगा। आमजन से अनुरोध किया गया है कि वे धैर्य रखें, अनावश्यक हॉर्न न बजाएं और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
इच्छुक नागरिक जो यातायात नियंत्रण में अपना योगदान देना चाहते हैं, वे ट्रैफिक पुलिस देहरादून से संपर्क कर स्वयंसेवी ट्रैफिक वॉलंटियर बन सकते हैं। संपर्क हेतु मोबाइल नंबर 7579278154 और 8958998827 जारी किए गए हैं।
