पिथौरागढ़ पुलिस का सघन चेकिंग अभियान , ढाबे की आड़ में शराब बेचने वाला गिरफ्तार, 111 पर कार्रवाई

Spread the love

पिथौरागढ़।पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव के निर्देशन में एवं सीओ पिथौरागढ़ श्री गोविन्द बल्लभ जोशी, सीओ डीडीहाट श्री कुंवर सिंह रावत और सीओ धारचूला श्री संजय पाण्डे के पर्यवेक्षण में जनपद भर में शराब तस्करी, नशे में वाहन संचालन, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जाजरदेवल थानाध्यक्ष श्री प्रकाश पाण्डे के नेतृत्व में अपर उप निरीक्षक महावीर सिंह एवं हेड कांस्टेबल पंकज भण्डारी की टीम ने भण्डारी गांव स्थित एक रेस्टोरेंट में छापेमारी की। रेस्टोरेंट संचालक अशोक सिंह बिष्ट को तीन बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध थाना जाजरदेवल में धारा 21/60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

वहीं, डीडीहाट, झूलाघाट, कनालीछीना और वड्डा क्षेत्रों में शराब पीकर वाहन चलाने वाले व्यक्तियों को चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में पूरन कोहली, संजय सिंह बोहरा, सतीश भट्ट और हिमांशु भट्ट शामिल हैं, जिनके वाहन भी सीज कर दिए गए। इसके अलावा, वड्डा क्षेत्र में उप निरीक्षक आशीष रावत द्वारा शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान लड़ाई-झगड़े में संलिप्त देवी दत्त भट्ट, योगेश भट्ट और किशन नेगी को BNS की धारा 170/172 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।

चेकिंग अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन, ओवरलोडिंग, खतरनाक तरीके से वाहन चलाना, मोबाइल का प्रयोग करते हुए ड्राइविंग, बिना नंबर प्लेट या दोषपूर्ण नंबर प्लेट, बिना हेलमेट जैसे मामलों के साथ-साथ सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर शराब पीकर गंदगी करने और हुड़दंग मचाने जैसे मामलों में कुल 111 लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। जनपद पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

देवभूमि खबर

Related articles