सार्वजनिक धूम्रपान करने पर 25 का काटा चालान

Spread the love

रुड़की।हरिद्वार से आई जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की टीम के साथ गंगनहर कोतवाली पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान कर रहे करीब 25 लोगों के चालान काटे। मानकों की अनदेखी करने पर तंबाकू बेचने वालों से भी जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने चेतावनी दी कि 18 साल से कम आयु के बच्चों को मादक पदार्थ दिए तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही लोगों को भी धूम्रपान से दूर रहने के लिए जागरूक भी किया गया।

मंगलवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के तहत जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की टीम में शामिल विनोद कुमारी और बालाजी सेवा संस्थान की प्रियंका तिवारी रुड़की गंगनहर कोतवाली पहुंची। यहां उन्होंने गंगनहर पुलिस को साथ लेकर रेलवे स्टेशन पर जागरुकता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करने के लिए जागरूक किया। साथ ही मादक पदार्थ बेच रहे लोगों को कम आयु के बच्चों को तंबाकू नहीं बेचने की हिदायत दी। उन्होंने बताया कि 18 साल कम आयु के बच्चों का मादक पदार्थ बेचना और खरीदना कानूनन अपराध है। उन्होंने कई खोखे और दुकानों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए। इस दौरान कई लोग सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने पाए गए। टीम के लोगों ने उन्हें जागरूक करना चाहा, मगर वह नहीं माने। इसपर उनका चालान कर दिया। इस दौरान टीम ने करीब 25 लोगों का चालान कर करीब 4 हजार रुपये वसूले गए। कोतवाली प्रभारी गंगनहर राजेश साह ने बताया कि सार्वजनिक जगहों पर धूम्रपान करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि कई जगह खोखे मानकों को दरकिनार कर चलाए जा रहे थे। ऐसे खोखे स्वामियों पर भी जुर्माना लगाया गया।

देवभूमि खबर

Related articles