गांधी एल्बम में भारत के स्वतंत्रता संग्राम की झांकी है : प्रकाश जावड़ेकर
नई दिल्ली।पीआईबीसूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर ने आज राष्ट्रपति भवन में भारत छोड़ो आंदोलन की जयंती पर राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद को “महात्मा गांधी : चित्रमय जीवन गाथा” नामक पुस्तक भेंट की। इस पुस्तक में 550 तस्वीरों के जरिये महात्मा गांधी के जीवन और उनके समय की सचित्र कहानी प्रस्तुत की गई है।
श्री प्रकाश जावड़ेकर ने राष्ट्रपति को पुस्तक की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इन अल्बमों में भारत के स्वतंत्रता संग्राम की झांकी मौजद है। उन्होंने राष्ट्रपति को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाए जाने के बारे में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रयासों से अवगत कराया। मंत्रालय का दायित्व सिर्फ उसके अपने प्रयासों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वह अपने मीडिया इकाइयों के जरिये सरकार के अन्य मंत्रालयों के प्रयासों को भी रेखांकित कर रहा है, ताकि लोगों तक कारगर पहुंच हो सके।
श्री जावड़ेकर ने महात्मा गांधी की रचनाओं के संकलन के बारे में भी राष्ट्रपति को अवगत कराया, जिसका ई-संस्करण भी उपलब्ध है। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रकाशन विभाग ने 20 से अधिक पुस्तकों और 50 ई-पुस्तकों का प्रकाशन किया है, जिसमें कस्तूरबा गांधी पर भी एक पुस्तक शामिल है। राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद ने महात्मा गांधी के मूल्यों और आदर्शों के प्रचार के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस वर्ष गांधी जयंती के सप्ताह भऱ पहले से अपने प्रयासों में और तेजी लाएं। उन्होंने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के समारोह में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए सरकारी कर्मचारियों से आग्रह किया।

