सरकार की मंशा युवाओं एवं महिलाओं को तीर्थाटन और पर्यटन के साथ रोजगार से जोड़ना है:ममगाईं
रुद्रप्रयाग।देवभूमि खबर। चारधाम यात्रा मार्गों पर रोजगार के मार्ग प्रशस्त किये जा रहे हैं। सरकार का मकसद है कि यात्रा मार्गों पर ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार मिले और उनकी आर्थिकी मजबूत हो सके। इसके लिए धरातल पर कार्य किया जा रहा है। चारधामों में वेस्ट मैनेजमेंट के तहत चार मशीने लगाई गई हैं, जबकि पाॅलीथीन पर बैन लगाते हुए जूट के थैले बनाने का प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसमें महिलाओं को भी जोड़ा जायेगा।
जिला मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष शिव प्रसाद ममगांई ने कहा कि सरकार की मंशा है कि युवाओं एवं महिलाओं को तीर्थाटन और पर्यटन से जोड़ते हुए उन्हें रोजगार से जोड़ा जाय। इसके लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। चारधामों में रोजगार के मार्ग प्रशस्त किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चारधामों के विकास के लिए उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन किया जायेगा। धामों के विकास के लिए एकजुटता से कार्य करने की आवश्यकता है। हाल ही में चारधाम के लिए आध्यात्मिक गुरू श्रीश्री रविशंकर महाराज जी ने वेस्ट मैनेजमेंट के तहत चार मशीने लगाई हैं। धामों में स्वच्छता को बनाये रखने के लिए कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। सौ-सौ युवाओं को इसमें रोजगार से जोड़ा गया है, जबकि पचास-पचास महिलाओं को जूट के थैले का प्रशिक्षण देकर धामों को पाॅलीथीन मुक्त करने का प्रयास किया जा रहा है। उपाध्यक्ष श्री ममगांई ने कहा कि पांच प्रयागों को विकसित करने के प्रयास किये जा रहे हैं। बरसात के दिनों में प्रयागों को विकसित करने की मंशा है। बरसात के समय नदियों के जल स्तर के ऊपर से कार्य किया जायेगा, जिससे हर वर्ष श्रद्धालुओं को फायदा मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रयागों में पंडितों की तैनाती की जायेगी। यात्रा रूटों पर बाजार विकसित किये जायेंगे। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि वे देवतुल्य की तरह यात्रियों से व्यवहार अपनाए। उन्हें अच्छा भोजन दें, जिससे उनका स्वास्थ्य न बिगड़े। उन्होंने अनुरोध किया कि सबके साथ देवभूमि का परिचय देना चाहिए। आने वाले समय में यात्रा सुगम, सरल और श्रद्धालुओं को हर क्षेत्र में बेहतर व्यवस्थाएं देने के प्रयास किये जायेंगे। कहा कि जोना अखाड़ा के अध्यक्ष आचार्य महामण्डलेश्वर अवधेषानंद महाराज ने भी चारधामों में सौन्दर्यीकरण के लिए सहायता करने का आश्वासन दिया है। परमार्थ निकेतन के चिदानंद महाराज ने हेमकुंड साहिब में पानी की मशीन लगाई है। उन्होंने कहा कि रुद्रप्रयाग विधानसभा में विधायक भरत सिंह चैधरी बेहतर कार्य कर रहे हैं। सड़क, पानी, शिक्षा, दूर संचार की सुविधाएं जनता को मिल रही हैं। क्षेत्र में शिक्षा को लेकर बेहतर कार्य किया जा रहा है। स्थानीय जनता के साथ मिलकर जिले के रुद्रनाथ, कोटेश्वर, सूर्यप्रयाग महादेव, विश्वनाथ, कालीमठ, त्रियुगीनारायण, अगस्त्य मंदिर को विकसित करते हुए रोजगार पर कार्य किया जायेगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, महामंत्री अजय सेमवाल, सुरेन्द्र जोशी, अरूण कप्रवाण, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र रावत, एलपी डिमरी, अमित रावत, दीपक सिलोड़ी, पूर्व प्रधानाचार्य कृष्णानंद नौटियाल, घनश्याम पुरोहित, सुनील नौटियाल सहित कई मौजूद थे।

