1 सितंबर को होने वाली हाफ मैराथन में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने कराया पंजीकरण

Spread the love

रुद्रप्रयाग।13 डेस्टिनेशन में एक चिरबटिया में आगामी 1 सितंबर को आयोजित होने वाली 21 किमी की हाफ मैराथन में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण कर लिया है। अलग-अलग आयु वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नगद धनराशि प्रदान की जाएगी। विजेता बालिकाओं, महिलाओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत महिला व बाल विकास विभाग द्वारा भी पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों के प्रतिभागी भी भाग ले रहे हैं।
जिला सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने हाफ मैराथन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया कि रिलायंस फाउडेशन और पहल हिमालय संस्था द्वारा आयोजित इस प्रतियोगता में पर्यटन विभाग और विधायक भरत सिंह चैधरी द्वारा विशेष सहयोग दिया जा रहा है। कहा, कि हाफ मैराथन आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य जनपद में साहसिक खेलों को बढ़ावा देना है। साथ ही प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर भविष्य के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 15 से 50 वर्ष तक के प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। आयु वर्ग के हिसाब से मैराथन दौड़ की अधिकतम दूरी 21 किमी व न्यूनतम दूरी 3 किमी निर्धारित की गई है। इसी के आधार पर वर्गवार नगद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। विधायक भरत सिंह चैधरी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खेलों के विकास के साथ स्थानीय स्तर पर खेल संसाधनों को जुटाने में कारगर होती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को विधायक निधि से टी-शर्ट प्रदान करने की बात भी कही। जिला पर्यटन एवं साहसिक खेल अधिकारी सुशील नौटियाल ने हाफ मैराथन के लिए तैयार की गई ढाई मिनट की लघु फिल्म के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर रिलायंस फाउडेशन के टीम लीडर प्रकाश सिंह, पहल हिमालय के विजय राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमाशु बडोला मौजूद थे।

देवभूमि खबर

Related articles