यातायात व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए चलाएं सघन चेकिंग अभियान :जिलाधिकारी

Spread the love

चमोली।सुरक्षित यातायात एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने क्लेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग सहित तमाम संपर्क मार्गो का निरीक्षण कर दुर्घटना संभावित स्थानों में पैराफीट, क्रैशबैरियर, डेलमिनेटर, चेतावनी बोर्ड आदि लगाने तथा खस्ताहाल सडकों की शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सभी सड़क निर्माणदायी संस्थाओं को सड़कों पर चिन्हित ब्लैक स्पाॅट, डेंजर मोडों पर क्रैश बैरियर लगाने के साथ ही संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतेजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि अगर मजिस्ट्रेटी जाॅच में दुर्घटना का कारण सड़क की खराबी पायी गई तो संबधित सड़क निर्माणदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी सदस्यों को अपने विभागीय तथा सामुहिक स्तर पर दुर्घटना घटित स्थलों का निरीक्षण करने, दुर्घटना कारणों की जाॅच कर सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम सुनिश्चित करने की बात की। पुलिस को एनएच पर चिन्हित संवेदनशील स्थलों को प्राथमिकता निर्धारित कर सूची उपलब्ध कराने तथा एनएच को सूची के अनुसार तत्काल सुरक्षात्मक कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। बरसात में सडकों में बने गढढों को तत्काल भरवाने को कहा। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड में स्लाइड जोन पर पत्थरों को रोकने के लिए वायरक्रेट की व्यवस्था करने हेतु कार्यवाही करने को कहा ताकि स्लाइड जोन पर सुरक्षित आवाजाही संभव हो सके। साथ ही लामबगड में एप्रोज मार्ग को भी दुरूस्त करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी नगर क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्त कार्यवाही करने तथा अभी तक हटाए गए अतिक्रमणों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश सभी नगर पालिका ईओ को दिए। उन्होंने कहा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क किनारे लगी हार्डिंग्स को भी तत्काल हटाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहनों की सघन चैकिंग अभियान चलाने को कहा। वाहनों की ओवर स्पीड, ड्रंक एंड ड्राइव एवं बिना लाइसेन्स के वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल लाने के निर्देश भी दिए। कहा कि बिना रजिस्ट्रेशन के स्कूली बच्चों को लाने, ले जाने, वाले वाहनों के खिलाफ भी कडी कार्यवाही अमल में लायी जाय। इस दौरान बताया गया कि अप्रैल से अभी तक ओवर स्पीड, ओवर लोडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव, बिना लाइसेन्स के वाहन चलाने आदि मामलों में पुलिस विभाग ने 3921 तथा परिवहन विभाग ने 281 वाहनों का चालन किया गया है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एमएस बर्निया, एसडीएम बुशरा अंसारी, सीएमओ डा0 एके डिमरी, टीटीओ अमन सहित एनएच, बीआरओ, लोनिवि, पीएमजीएसवाई, एडीबी व नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles