कैराना विधानसभा से सपा विधायक नाहिद हसन पर एफआईआर दर्ज
शामली। कैराना विधानसभा से सपा विधायक नाहिद हसन पर एफआईआर दर्ज की गई है। उनके खिलाफ धोखाधड़ी, सरकारी काम में बाधा डालना, धमकाने, 7 सीएलए एक्ट में एफआईआर दर्ज की गई है। दरअसल वाहन चेकिंग के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों से नाहिद हसन के भिड़ने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद एडिशनल एसपी ने जांच की और अब उनकी जांच रिपोर्ट के बाद एसपी शामली ने एफआईआर दर्ज कराई।
मामले में एसपी शामली अजय कुमार का कहना है कि विधायक नाहिद हसन 72 घंटे के समय में अपनी पजेरो स्पोर्ट गाड़ी के कागजात नहीं दिखा सके हैं। गाड़ी का नंबर संदिग्ध होने पर उसे रोका गया था। पुलिस ने कागजात मांगे तो विधायक नाहिद हसन अधिकारियों से भिड़ गए थे।
जानकारी के अनुसार एसडीएम कैराना अमित पाल और सीओ राजेश तिवारी सोमवार को झिंझाना रोड पर जा रहे थे। यहां एक कॉलोनी के पास संदिग्ध नंबर वाली गाड़ी देखकर वह रुक गए। मौके पर कैराना विधायक नाहिद हसन खड़े थे। एसडीएम ने गाड़ी के कागजात दिखाने को कहा तो विधायक और एसडीएम के बीच तीखी बहस हो गई। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद जांच के आदेश दिए गए।
