कर्मचारियों ने विधानसभा का घेराव कर सरकार के खिलाफ जबरदस्त हल्ला बोला

Spread the love

  देहरादून।।देवभूमि खबर।सरकार के सख्त रवैये और नो वर्क नो पे के आदेशों का हड़ताली जनरल ओबीसी कर्मचारियों पर कोई असर होता नहीं दिख रहा है।  सवा लाख से अधिक कर्मचारियों की हड़ताल और कार्य बहिष्कार से सरकारी दफ्तरों में सन्नाटा पसरा है  वहीं आज कई हजार की संख्या में गैरसैंण पहुंचे कर्मचारियों ने विधानसभा का घेराव कर सरकार के खिलाफ जबरदस्त हल्ला बोला। इस दौरान कर्मचारियों की पुलिस के साथ तीखी नोंक झोंक भी हुई।
बीते कल अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गये इन कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांग नहीं मानेगी तब तक वह अपनी हड़ताल वापस नहीं लेगें। चाहे सरकार उनके खिलाफ जितनी भी सख्त कार्यवाही कर ले वह पीछे हटने वाले नहंीं है। उनका कहना है कि सरकार  अगर अपनी जिद पर अड़ी रहती है तो पांच मार्च से कर्मचारी उन आवश्यक सेवाओं को भी ठप कर देंगे जिन्हे अभी हड़ताल से बाहर रखा हुआ है। अगर स्वास्थ्य, परिवहन, बिजलीकृपानी जैसी आवश्यक सेवाएं ठप कर दी गयी तो इससे कोहराम मचना तय है। तय कार्यक्रम के अनुरूप पांच जिलों से कर्मचारी आज बड़ी संख्या में गैरसैंण पहुंचे और सरकार के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन ने इन कर्मचारियों को एक किलोमीटर पहले बनायी गयी बैरीकेटिंग पर ही रोक दिया जहंा कुछ कर्मचारियों ने बैरिकेटिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया इस दौरान पुलिस कर्मियोें के साथ उनकी नोंक झोंक भी हुई। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सरकार प्रमोशन में आरक्षण को समाप्त नहीं करती है और प्रमोशन में लगाई गयी रोक को नहीं हटाती है तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। परिवहन विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने मांगों को नहीं माना तो वह पांच मार्च से चक्का जाम कर देंगे। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को भी ठप कर दिया जायेगा। शिक्षक संघों का भी इस हड़ताल को समर्थन मिल रहा है भले ही बोर्ड परीक्षाओं के कारण उन्होने कार्य बहिष्कार न  किया हो लेकिन ड्यूटी के बाद शिक्षक भी इस हड़ताल में शामिल हो रहे है। उधर देहरादून सहित सभी जिला मुख्यालयों पर आज दूसरे दिन भी जनरल ओबीसी कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार जारी रहा। दून के परेड मैदान में आज कर्मचारियों ने सरकार के विरूद्व जोर दार प्रदर्शन किया।

देवभूमि खबर