प्रधान मंत्री मोदी ने चुनाव अभियान के दौरान किया 1.5 लाख किमी का सफर
नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने चुनाव अभियान के दौरान 1.5 लाख किमी. हवाई सफर तय किया। देशभर में कुल 142 रैलियों को संबोधित किया। इस बात की जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को दी। प्रधानमंत्री का चुनाव अभियान बिना रुके 51 दिन जारी रहा और उनकी एक भी रैली रद्द नहीं हुई। बता दें कि 19 मई को आखिरी चरण के लिए मतदान है और सभी पार्टियों का चुनाव प्रचार खत्म हो चुका है। पीएम मोदी की आखिरी रैली मध्यप्रदेश के खरगौन में थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को मेरठ से अपना चुनाव अभियान शुरू किया था। अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने 46 डिग्री के तापमान में भी अपना प्रचार जारी रखा जो कि सराहनीय है। शाह ने मोदी के प्रचार अभियान को आजादी के बाद सबसे कड़ा और मेहनती चुनाव प्रचार अभियान भी बताया। मोदी ने एक दिन में चुनाव अभियान के दौरान पांच जनसभाओं को तक संबोधित किया।
खुद पीएम मोदी ने शुक्रवार को कहा कि मेरठ से चुनाव अभियान की शुरुआत करने की वजह 1857 की क्रांति थी। इस शहर से ही इस क्रांति की शुरुआत हुई थी, इसलिए चुनाव प्रचार की शुरुआत के लिए मेरठ को चुना गया। जबकि चुनाव अभियान को मध्यप्रदेश के खरगौन में इसलिए समाप्त किया गया क्योंकि यहां 1857 की क्रांति में क्रांतिकारी भीमा नायक को फांसी की सजा हुई थी।

