प्रदेश के गरीबों की बकाया पेंशन राशि का होगा भुगतान :मोर्चा

विकासनगर।देवभूमि खबर। जनसंघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जी0एम0वी0एन0 के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि विगत दो-तीन वर्षों से प्रदेश के पेंशनधारक (वृद्वावस्था, विकलांग, विधवा आदि) अपनी पेंशन लेने के लिए बैंकों व विभाग के चक्कर लगा-लगाकर थक गये थे तथा अपनी दो-तीन वर्षों की बकाया पेंशन राशि के लिए दर-दर की ठोकरे खा रहे थे।
मोर्चा कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि मोर्चा के संज्ञान में आने पर एवं गहन पड़ताल करने पर मालूम हुआ कि अधिकारियों के गैर जिम्मेदारान हरकतों की वजह से पेंशनधारकों को परेशानी झेलनी पड़ी। हुआ ये, कि विभाग द्वारा हजारों पेंशनधारकों के खाते सी0बी0एस0 बैंकों में खुलवाये गये तथा इसकी जानकारी पेंशनधारकों को नहीं दी गयी। अधिकांश मामलों में बैंकों द्वारा पेंशनधारकों द्वारा राशि आहरित न किये जाने के कारण वापस विभाग को लौटा दी गयी थी। मोर्चा द्वारा फरवरी 2019 को प्रकरण की जानकारी एवं बकाया राशि भुगतान करने को लेकर जिला समाज कल्याण अधिकारी को पत्र प्रेषित किया गया था, जिसके क्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी ने 2 अप्रैल को निदेशक, समाज कल्याण से मार्गदर्शन मांगा, निदेशक द्वारा अपने पत्र दिनाॅंक 25 अप्रैल के माध्यम से प्रदेश के समस्त जिला समाज कल्याण अधिकारियों को बकाया पेंशन राशि भुगतान करने के निर्देश दिये। कहा मोर्चा की यह गरीबों के हक में बहुत बड़ी जीत है। पत्रकार वार्ता में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजयराम शर्मा, मौ0 असद, प्रवीण शर्मा पीन्नी आदि उपस्थित रहे।

