मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने मंत्रिमंडल के साथ किया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन

ऋषिकेश।देवभूमि खबर। स्वच्छ और शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के अपने मिशन को लेकर प्रतिबद्ध कंपनी पी-लो शुद्धपानीसेवा फाउंडेशन ने रविवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित परमार्थ आश्रम में पोर्टेबल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का उद्घाटन किया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने मंत्रिमंडल के साथ इस सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर परमार्थ निकेतन आश्रम के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती भी मौजूद थे।
गैर-लाभकारी संगठन पी-लो की इस पहल को रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (आरईसी) और एलआईसी ऑफ इंडिया का समर्थन हासिल है जिन्होंने पी-लो फ्री आरओ वाटर एटीएम के सफलतापूर्वक संचालन में भी मदद की है। पोर्टेबल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) पीएमटीआर टेक्नोलॉजी पर आधारित है जो पानी में रसायनों को दूर कर उसे दैनिक इस्तेमाल के लिए स्वच्छ बनाने में मददगार है। पी-लो ने निकट भविष्य में ‘गंगा’ की स्वच्छता को ध्यान में रखकर ऐसे कई और प्लांट लगाने की योजना बनाई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस प्लांट के उद्घाटन के अवसर पर कहा, ‘हमें उम्मीद है कि अगले कुंभ तक गंगा ऐसे कई और पोर्टेबल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के इस्तेमाल के जरिये स्वच्छ बनेगी और हम पी-लो शुद्धपानीसेवा फाउंडेशन द्वारा चलाई जा रही इस तरह की पहलों का समर्थन करते हैं।’ परमार्थ निकेतन आश्रम के अध्यक्ष पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा, ‘आने वाले वर्षों में भारतीय नदियों को स्वच्छ बनाने के लिए इस तरह की पहलें जल्द से जल्द चलाई जानी चाहिए।’पी-लो शुद्धपानीसेवा फाउंडेशन के निदेशक जतिन अहलावत ने इसके उद्घाटन के दौरान कहा, ‘पी-लो अपने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के जरिये गंगा की स्वच्छता का मौका पाकर बेहद गौरवान्वित है और हम इसके लिए सरकार और परमार्थ निकेतन आश्रम द्वारा दिए गए समर्थन के लिए धन्यवाद देते हैं।’

