जिलाधिकारी गंदगी पर बिफरे , काटे व्यापारियों के चालान

Spread the love

रुद्रप्रयाग।देवभूमि खबर। सोर्स सेग्रिगेशन सप्ताह के दूसरे दिन जिलाधिकारी ने वार्ड बेलनी में स्कूली बच्चों, नगर पालिका अध्यक्ष गीता झिंक्वाण, अधिशासी अभियंता सिंचाई प्रताप सिह बिष्ट, सभासद सुरेन्द्र रावत और पर्यावरण मित्रों के साथ मिलकर घर-घर जाकर कूडे़ को लेते समय देखा गया कि लोगों द्वारा गीले व सूखे कूडे़ को अलग-अलग किया गया है या नहीं।
अभियान के दौरान पाया गया कि कुछ लोगों ने कूडे को अलग-अलग करके रखा है और जिन लोगों ने कूडे का पृथक्करण नहीं किया था उन्हें पुनः स्कूली बच्चों की टीम द्वारा अलग-अलग कर दिखाया गया। स्कूली बच्चों ने कूडे को पृथक्करण के लाभ के विषय में समझाया गया कि जैविक कूडे को अलग करने से खाद बनाई जाएगी व अजैविक कूडे़ को अलग-अलग करने से पुनःचक्रण पर कार्य की योजना है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सत्रह हजार एक सौ रूपये के चालान काटे। वार्ड बेलणी में नगर पालिका बारात घर के मालिक भरत सिंह कठैत, होटल मालिक दलबीर सिंह जगवाण, प्रेम मोहन डोभाल द्वारा कूडा नदी के किनारे भूमि पर पाये जाने पर पांच-पांच हजार का चालान, निजी मकान के नीचे गंदगी फैलाने पर दलपत सिंह व अशोक चैधरी का पांच रूपये का चालान और सार्वजनिक भूमि पर गंदगी फैलाये जाने पर श्रीमती ललिता का सौ रूपये का चालान काटा। गत् दिवस को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी सोर्स सेग्रिगेशन सप्ताह की समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नगरपालिका को समस्त नोडल अधिकारियों को चालान बुक देने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि नगरपालिका द्वारा कई भी डोर-टू-डोर कलेक्शन नहीं हो रहा है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने नगरपालिका को अनिवार्य रूप से डोर-टू-डोर कूडे़ को एकत्रित करने, कूडे को एकत्रित करने के लिए हर परिवार से तीस रूपये डोर-टू-डोर का चार्ज वसूलने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि नगरपालिका के जो पर्यावरण मित्र वार्ड में कार्य कर रहे हैं उन्हें जानकारी व उनके पास सूची नहीं है कि उनके क्षेत्र में कितने परिवार है व किस मकानमालिक के कितने किरायेदार है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने नगरपालिका को मकानमालिकों के किरायेदारों की सूची पर्यावरण मित्र को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रतीक जैन, डीएफओ मंयक शेखर झा, सीडीओ एमएस नेगी, एडीएम अरविन्द पाण्डे, सीएमओ डाॅ एसके झा, सीवीओ डाॅ आरसी नितवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles