घोलतीर में स्थानीय लोगो के साथ छात्रों ने चलाया सफाई अभियान
रुद्रप्रयाग।देवभूमि खबर। विद्यालय स्वच्छता मिशन इकाई के तत्वाधान में राइंका कोठगी के छात्र, शिक्षक एवं स्थानीय लोगों ने घोलतीर में सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
क्षेत्र में यह अभियान प्रत्येक रविवार को रोस्टर के अनुसार चलेगा। राजकीय इंटर कालेज कोठगी की स्वच्छता मिशन इकाई के तत्वाधान में घोलतीर से सफाई अभियान का शुभारंभ हो गया है। अब हर रविवार को विद्यालय के छात्र क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान चलाएंगे। विद्यालय के छात्रों ने घोलतीर बाजार के साथ ही कोठगी पैदल रास्ते की साफ सफाई की और बड़ी संख्या में एकत्रित कूडे का निस्तारण किया। इस दौरान छात्रों ने स्थानीय लोगों को सफाई के प्रति जागरूक रहने की अपील की। छात्रों ने स्थानीय व्यापारियों से पाॅलीथिन का प्रयोग कदापि न करने को कहा। साथ ही अपनी दुकानों के आगे कूड़ादान रखने को कहा, जिससे कूडा इधर-उधर न फैल सके। विद्यालय के 25 छात्रों ने बडे उत्साह के साथ सफाई अभियान में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक सतेंद्र भण्डारी, प्रधानाचार्य किशन सिंह कठैत, टीम प्रभारी चंद्रप्रकाश खंडूडी, प्रदीप चैहान, राजेश नथवान, व्यापार संघ अध्यक्ष प्रकाश चंद्र गैरोला डॉ त्रिपाठी, प्रह्लाद पंवार, पीयूष, शिवम, कमलेश समेत 25 छात्र छात्राएं उपस्थित थी।

