रुद्रप्रयाग -तीनों उपजिलाधिकारी को नियमित कोर्ट लगाकर वादों का निस्तारण करने के निर्देश
रुद्रप्रयाग।जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में माह अगस्त की राजस्व कार्यो से सम्बन्धित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने माह सितम्बर को विरासतन दाखिल खारिज में छूटे लोगों के नाम दर्ज कराने हेतु अभियान चलाने के निर्देश तीनों तहसीलदार को दिए। कहा कि गांव में लोगों की शिकायत रहती है कि पटवारी द्वारा नाम दर्ज नही किए गए। अतः समस्त तहसीलदार ग्रामवार तिथि निर्धारित कर रोस्टर जारी कर लोगों को सूचित करें किस दिन उनके गांव में पटवारी द्वारा अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में तीनों उपजिलाधिकारी को नियमित कोर्ट लगाकर वादों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। कहा कि उपजिलाधिकारी की ए.सी.आर. कोट केस निस्तारण के आधार पर व तहसीलदार की वसूली की प्रगति के आधार पर अंकित की जायेगी। अमीनों द्वारा क्षेत्र में की जाने वाली वसूली के सम्बन्ध में आर.सी. प्राप्त होते ही फाइल तैयार कर कारवाई करने, न्यून प्रगति वाले अमीन (पशुपतिनाथ व बलवन्त सिंह) को चेतावनी जारी करने, तहसीलदारों को आपदा से सम्बन्धित प्रकरण पर तत्काल राहत सहायता देने, पूर्व सैनिकों का प्रकरण ससमय निपटान न करने वाले पटवारी का स्पष्टीकरण लेन,े नगरी क्षेत्र की पटवारी को पानी, बिजली, नेट, शौचालय की सुविधा से लैस करने के निर्देश सम्बन्धित को दिये।
केदारनाथ में काम कर रहे सफाई कर्मिकों का वेतन बडाने हेतु अधिशासी अधिकारी केदारनाथ को एक सप्ताह के भीतर उपजिलाधिकारी ऊखीमठ को फाइल प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। जिससे विषम परिस्थितियों में काम कर रहे कार्मियों का मनोबल बना रहे। इसके साथ ही उपजिलाधिकारी ऊखीमठ को नगर पंचायत केदारनाथ के व्यय का पूर्ण व्यौरा चेक करने के निर्देश दिये। बैठक में सम्भागीय परिवहन अधिकारी मोहित कोठारी ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा माह अगस्त में 2,110 वाहनों की चैकिंग व 13 लाइसेन्स निरस्तीकरण की संस्तुति की गई। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा माह अगस्त में 20 छापे मारे गये, जिसमें लगभग 112 लीटर शराब पकडी गयी।
इस अवसर पर जिला प्रभारी अधिकारी डी.पी. सिंह, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अरूण अग्रवाल, उपजिलाधिकारी जखोली एन.एस. नगन्याल, तहसीलदार रूद्रप्रयाग किशनगिरी, तहसीलदार जखोली शालनि मौर्य, तहसीलदार ऊखीमठ जयबीर राम बधाणी, जिला बचत अधिकारी एन.एस. विष्ट सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

