पूर्व मध्यमा द्वितीय में बिमल तिवारी और उत्तर मध्यमा द्वितीय में अस्मिता ने किया प्रदेश टाॅप

देहरादून।देवभूमि खबर। उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद ने पूर्व मध्यमा द्वितीय (हाईस्कूल) व उत्तर मध्यमा द्वितीय (इंटरमीडिएट) का परिणाम घोषित कर दिया। पूर्व मध्यमा द्वितीय (हाईस्कूल) में अल्मोड़ा के छात्र बिमल तिवारी ने 500 में से 456 अंक व उत्तर मध्यमा द्वितीय (इंटरमीडिएट) में देहरादून की अस्मिता ने 500 में से 423 अंक प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया है।
संस्कृत शिक्षा परिषद के सभापति आरके कुंवर ने परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए बताया कि हाईस्कूल एवं इंटर की परिषदीय परीक्षाएं छह से 14 मई के दौरान प्रदेश के 21 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। इस वर्ष सात संस्कृत विद्यालयों में भी परिषदीय परीक्षाएं आयोजित की गई। पूर्व मध्यमा द्वितीय (हाईस्कूल) परीक्षा में 859 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिनमें से 823 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा में सम्मिलित परीक्षार्थियों में से 798 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। उत्तीर्ण फीसद 96.96 जो विगत वर्ष की तुलना में 3.68 फीसद अधिक है। उत्तर मध्यमा द्वितीय (इंटरमीडिएट) स्तर में 735 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिनमें से 704 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। सम्मिलित परीक्षार्थियों में से 663 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए जो 94.17 फीसद है। परीक्षा परिणाम घोषित करने के मौके पर संस्कृत शिक्षा परिषद के सचिव भपेंद्र सिंह नेगी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पूर्वमध्यमा द्वितीय (हाईस्कूल) बिमल तिवारी, श्री कल्याणिका वेद-वेदांग संस्कृत विद्यापीठ अल्मोड़ा, 91.2 प्रतिशत अंक, शुभम पांडे, श्री वाराही देवी संस्कृत महाविद्यालय देवीधूरा चंपावत, 87.2 प्रतिशत अंक, रवि जोशी श्री कल्याणिका वेद-वेदांग संस्कृत विद्यापीठ अल्मोड़ा ने 84.8 अंक प्राप्त किए। उत्तर मध्यमा द्वितीय (इंटरमीडियट) में अस्मिता श्री शिवनाथ संस्कृत महाविद्यालय देहरादून, 84.6 प्रतिशत, मनीष चंद, श्री महादेव गिरि संस्कृत महाविद्यालय हल्द्वानी 82.0 अंक और प्रियांशु सती श्री नेपाली संस्कृत महाविद्यालय ऋषिकेश ने 81.2 प्रतिशत अंक हासिल किए।

