प्रधानमंत्री मोदी ने की पीएमओ कर्मियों की तारीफ

नई दिल्ली।एजेंसी।पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति से मिलकर 16वीं लोकसभा को भंग करने की सिफारिश की। इससे पहले पीएम ने प्रधानमंत्री कार्यालय के स्टाफ से बात की। पीएम ने पीएमओ में कार्यरत कर्मचारियों की जमकर तारीफ की।
पीएम ने कहा कि कोई भी परिणाम तब तक नहीं मिलता, जब तक कोई समर्पित टीम नहीं मिलती है। सपने कितने ही सुहाने क्यों न हों, तब तक परे नहीं होते जब तक साथियों की सोच काम को लेकर एक जैसी नहीं होती है। पीएम ने बीज गणित के फॉर्म्युले का जिक्र कर पीएमओ कर्मियों की ऊर्जा के बारे में बताया।
पीएम ने कहा, ‘पांच साल की अखंड एकनिष्ठ साधना, जिसका लक्ष्य देश के समान्य व्यक्ति के जीवन में आशा और बदलाव संचारित करना।’ पीएम ने कहा, ‘इन सब कामों का क्रेडिट तो पीएम को मिलता है। टीवी-अखबार में पीएम दिखता है, तारीफ भी पीएम को मिलती है, लेकिन जब तक कोई समर्पित टीम नहीं होती है, तब तक सपने कितने ही सुहाने और संकल्प कितने ही दृढ़ क्यों न हों, इरादे कितने ही नेक क्यों न हों… परिणाम मिलना मुश्किल होता है।
परिणाम तब मिलता है, जब पीएम की सोच और साथियों की सोच एक साथ मिलती हो। पीएम जो भी विचार रखें, वह तो 10-15 मिनट में ही रखे जाते हैं, लेकिन उस एक लाइन को पकड़कर नीति का रूप देना एक लंबी प्रक्रिया होती है। यह सब टीम के बिना संभव नहीं होता है। मेरा अब तक का अनुभव है कि आप लोगों ने मेरी अपेक्षा से ज्यादा परिणाम दिया है। समय की कल्पना से पहले दिया है। सुचारू ढंग से किया और सुचिता के साथ दिया है। यह पूरी टीम अभिनंदन के अधिकारी हैं।
