प्रेरणा निःशुल्क कोचिंग सेंटर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को डीएम भदौरिया ने दिए टिप्स
चमोली।प्रेरणा निःशुल्क कोचिंग सेंटर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को शुक्रवार को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने सफलता के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में चल रहे प्रेरणा कोचिंग सेंटर में जिलाधिकारी ने छात्रों को लक्ष्य के प्रति समपर्ण होकर नियमित अध्ययन करने को प्रोत्साहित किया। निःशुल्क प्रेरणा कोचिंग सेंटर में प्रत्येक शुक्रवार को आईएएस, आईपीएस, पीसीएस व पीपीएस अधिकारी लेक्चर देते है, इसी क्रम में जिलाधिकारी ने छात्रों को मोटिवेशन लेक्चर दिया।
जिलाधिकारी नेे कहा कि हर प्रतियोगी परीक्षा के लिए अलग रणनीति के साथ पढना आवश्यक है। कहा कि प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए सही किताबों एवं अध्ययन सामग्री का चयन करते हुए सही इरादे से मेहनत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से कहा कि अपने आपको मेहनत करने के लिए हर समय मोटिवेट करें ताकि अच्छी मेहनत से आपके भीतर किसी भी परीक्षा को देने के लिए आत्मविश्वास पैदा हो सके। कहा कि प्रतियोगी परीक्षा हाॅल में तीन घंटे आपके जीवन के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होते है। उन्होंने कहा कि परीक्षा हाॅल में प्रश्नों के सटीक उत्तर देने के लिए ठोस रणनीति अपनाने पर ही सफलता का स्वाद मिलता है। कहा कि सफल होने के लिए 12-12 घंटे पढना जरूरी नही है बल्कि जितने समय भी पढे उसे अच्छे से पढे और परीक्षा से पहले पढाई का रिविजन जरूर करें। इस दौरान उन्होंने छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न परीक्षाओं की तैयारियों के संबध में भी महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने छात्रों को अपनी सभी शंकाओं का कोचिंग के दौरान भंली भांति समाधान करें तथा तनाव मुक्त रहकर गहन अध्ययन करने को कहा। इस दौरान उन्होंने अपनी आईएएस की तैयारी के लिए अपनाई गई रणनीति से भी छात्रों को अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने कोचिंग ले रहे छात्र-छात्राओं से विगत एक माह में दिए गए प्रशिक्षण का फीडबैक लेते हुए कोचिंग को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी देने को कहा। जिलाधिकारी ने कोंचिग सेंटर में लाइब्रेरी की व्यवस्था भी सुनिश्चि करने को कहा, ताकि छात्रों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें आसानी से उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी के प्रयासों से प्रेरणा कोचिंग सेंटर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयार कर रहे छात्रों को दिल्ली स्तर की पढाई मिल रही है। यहाॅ पर स्पेशल कोचिंग के दिल्ली से भी फैकल्टी रखी गई है। दिल्ली की मिस आनेही यहाॅ पर छात्रों को सामान्य अध्ययन की जानकारी दे रही है। छात्रों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली से अच्छी किताबें भी उपलब्ध कराई जा रही है। वही कोचिंग सेन्टर में हरिद्वार एवं रूड़की के विषय विशेषज्ञ प्रशिक्षक पंकज शर्मा, राकेश रावत, जानेन्द्र कुमार छात्रों को प्रतियोगिता परीक्षाओं का प्रशिक्षण दे रहे है।
इस दौरान प्रेरणा कोचिंग सेंटर के समन्वयक महाविद्यालय के प्रवक्ता बीएस नेगी, नोडल अधिकारी एनके जोशी सहित कोचिंग सेंटर के सभी प्रशिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

