मुख्यमंत्री धामी ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी व अन्य अधिकारियों के आकस्मिक निधन पर किया गहरा दुख व्यक्त
देहरादून । तमिलनाडु के नीलगिरी में सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। इस हेलीकॉप्टर में सीडीएस बिपिन रावत के साथ उनकी पत्नी व अन्य अधिकारियों समेत कुल 14 लोग सवार थे। वायु सेना ने हादसे का कारण जानने के लिए जांच के आदेश दिए हैं। वहीं इस हादसे के बाद से उत्तराखंड में भी हड़कंप मच गया। लोग देवभूमि के बेटे के बारे में जानने के लिए बेचैन हो गए। उनके परिजन भी चिंतित रहे। अब उनकी मौत की खबर आने से राज्य में शोक की लहर व्याप्त है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकॉप्टर दुर्घटना में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी व अन्य अधिकारियों के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शान्ति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री श्री धामी ने जरनल रावत के निधन को देश के लिए अपूर्णीय क्षति बताते हुए कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा एवं देश की रक्षा के लिए उनके द्वारा लिये गये साहसिक निर्णयों एवं सैन्य बलों के मनोबल को सदैव ऊंचा बनाये रखने के लिए उनके द्वारा दिये गये योगदान को देश सदैव याद रखेगा।

