पंपिंग योजना पर काम न होने से भड़के ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने जलनिगम मुख्य अभियंता का किया घेराव
हल्द्वानी।देवभूमि खबर। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के गांवों में पंपिंग योजना पर काम न होने से भड़के ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के साथ जल निगम के मुख्य अभियंता कार्यालय जा धमके। उन्होंने मुख्य अभियंता का घेराव कर योजना की डीपीआर शीघ्र शासन को भेजने की मांग की।
ओखलकांडा की गौला कालाआगर पंपिंग योजना समेत तमाम पेयजल योजनाओं को धरातल पर उतारने जैसी मांगों को लेकर भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण व जनप्रतिनिधि विधायक राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में गुरुवार को नैनीताल रोड स्थित जल निगम के मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मुख्य अभियंता कुमाऊं राजेश्वर प्रसाद का घेराव कर कहा कि कालाआगर पंपिंग योजना के प्रथम चरण की स्वीकृति के बाद द्वितीय चरण के लिए डीपीआर अभी तक नहीं बनी है। इस योजना के बनने से ओखलकांडा के कालाआगर, क्वैराला, गलनी, चमोली, बड़ोनी, टिमर, गरमगड़ी, तल्ली, मल्ला व तल्ला झडगांव, साल समेत तमाम गांवों में पेयजल संकट से लोगों को निजात मिलती लेकिन निगम अफसरों की अनदेखी से डेढ़ साल से योजना लटकी पड़ी है। ग्रामीण घोड़ों व टैंकरों से पानी ढो रहे हैं। उन्होंने यथाशीघ्र इस पंपिंग योजना की डीपीआर शासन को भेज काम शुरू कराने की मांग उठाई। घेराव करने वालों में ग्राम प्रधान डिकर सिंह मेवाड़ी, नारायण सिंह, पूरन चंद्र भट्ट, खीम सिंह मेवाड़ी, आशा भट्ट, दीपक पनेरू, ललित भट्ट, जय सिंह, जानकी, टीकम सिंह मेवाड़ी, नवीन चंद्र, नैन सिंह, गजेंद्र बर्गली, नवीन पांडे, भुवन सिंह, दयानंद सनवाल आदि शामिल थे।

