लाॅकडाउन को सख्ती से लागू करने के निर्देश

लाॅकडाउन को सख्ती से लागू करने के निर्देश
Spread the love

चमोली -कोरोना वायरस संक्रमण के बचाव के लिए पूरे जिले में 31 मार्च 2020 तक लाॅकडाउन किया गया है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए सभी अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करते हुए लाॅकडाउन को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए है। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि आवश्यक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसलिए इस अवधि में अपने घर पर ही बने रहे और लाॅकडाउन को गंभीरता से लेते हुए जारी गाइडलाईन का पालन करें। उन्होंने कहा कि इस अवधि में किसी भी दशा में किसी भी सार्वजनिक स्थान पर 5 व्यक्ति से ज्यादा एकत्रित न हों। कोई भी व्यक्ति गलत गलत अफवाह ना फैलाए और ना ही गलत अफवाहों पर ध्यान दें। कोरोना को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ धारा 188 के अन्तर्गत सख्त कार्यवाही की जाएगी। 
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की सभी सीमाओं पर बाहर से आने वाले लोगों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि आशा एवं एएनएम की मदद से बाहरी व्यक्तियों को उनके घरों में ही 14 दिनों तक होम क्वारन्टाइन में रखना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने जनपद की सभी प्रवेश सीमाओं पर बाहर से आने वाले वाहनों को भी सेनेटाइज्ड करने के निर्देश दिए है। कहा कि वाहनों को सेनेटाइज्ड करने के लिए सभी निरीक्षण टीमों को जरूरी कैमिकल भी उपलब्ध कराया जा रहा है। 
जिलाधिकारी ने सभी सस्ते गल्ले राशन की दुकानों तक तत्काल एडवांस में राशन एवं अन्य जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश जिला पूर्ति अधिकारी को दिए है और गांव क्षेत्रों में प्रत्येक दिन राशन की दुकानों को अनिवार्य रूप से खुला रखवाने को कहा। उन्होंने थोक विक्रताओं के माध्यम से आवश्यकता के अनुसार राशन डीलरों को अतिरिक्त खाद्य सामग्री भी पहुॅचाने को कहा, ताकि खाद्य सामग्री को लेकर गांव में किसी तरह की पैनिक की स्थिति न आए। खाद्यन्न के साथ साथ जिला पूर्ति अधिकारी को सभी क्षेत्रों में बाराबर गैस आपूर्ति भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि अगर जरूरत पडे तो गैस सिलेंडर पहुॅचाने के लिए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था भी की जाए।

देवभूमि खबर

Related articles