संतों के आशीर्वाद से देश तरक्की और विश्व गुरू बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है :प्रेम चंद्रअग्रवाल

Spread the love

हरिद्वार।देवभूमि खबर। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि संतों के आशीर्वाद से देश तरक्की और विश्व गुरू बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। श्री चेतन ज्योति आश्रम में आयोजित श्रीराम कथा में सम्मिलित होने पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि श्रीराम कथा की सार्थकता तभी है जब हम भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र को आत्मसात कर आदर्श समाज बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर शीघ्र बनेगा। प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नए दौर में प्रवेश कर रहा है। कश्मीर से धारा 370, 35 ए हटाना, तीन तलाक और चंद्रयान का प्रक्षेपण भारत के इतिहास में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देवों और वीरों की भूमि है। देवताओं की भूमि तथा विश्व की आध्यात्मिक राजधानी हरिद्वार में पवित्र श्रीराम कथा के मंच से सभी संकल्प लें कि देवी देवताओं की तस्वीरों को कचरे में नहीं फेंकेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी की सादगी की प्रशंसा करते हुए प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के छोटे भाई होने के बावजूद ऐसी सादगी और विनम्रता अपने आप में बेमिसाल है। श्री चेतन ज्योति आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी ऋषिश्वरानन्द महाराज ने कहा कि गंगा का तट पर संत महापुरूषों के सानिध्य में श्रद्धालु जनों को मर्यादा पुरूषोत्म भगवान श्रीराम की कथा के श्रवण का अवसर प्रदान करने वाले कथा आयोजक साधुवाद के पात्र हैं। भगवान श्रीराम के पवित्र आचरण को जीवन में धारण कर कथा को सार्थकता प्रदान करें। म.म.स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि सत्य के प्रति निष्ठा, समर्पण, बंधुत्व त्याग व अन्याय के प्रति संघर्ष का संदेश संसार को देने वाले भगवान श्रीराम ने पिता के वचन से 14 वर्ष का वनवास स्वीकार किया। लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न से बंधुत्व का दायित्व निभाया। अत्याचारी व नैतिक मूल्यों से दूर रावण का वध किया। भगवान राम के संदेश आज भी प्रासंगिक है। राम की कथा श्रवण के साथ-साथ कथा का संदेश आचरण में धारण कर लिया जाए तो राम राज्य की परिकल्पना ज्यादा दूर नहीं है। कथा व्यास ज्योतिन्द्र प्रसाद शास्त्री ने कहा कि भगवान श्रीराम विष्णु स्वरूप थे। इस धराधाम पर उनके लिए कुछ भी असंभव नहीं था। लेकिन उन्होंने एक सामान्य व्यक्ति के रूप में जीवन की तमाम कठिनाईयों का सामना करते हुए समाज के सामने आदर्श प्रस्तुत किया। भगवान श्रीराम द्वारा स्थापित आदर्शो को जीवन में आत्मसात कर ही जीवन में सफलता अर्जित की जा सकती है। माता लालदेवी वैष्णों मंदिर के ट्रस्ट भक्त दुर्गादास ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल व सभी संत महापुरूषों को माता की चुनरी भेंटकर व पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। कथा यजमान जंकित भाई प्रजापति व संतों ने कथा में पधारे विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल को सिरोपा भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.अरूण जेतली के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए संतों व कथा आयोजकों की ओर से उन्हें श्रद्धासुमन भी अर्पित किए गए। इस अवसर पर मनोज महंत, शिवम महंत, स्वामी कामेश्वर पुरी, स्वामी सत्यदेव, स्वामी रामानन्द, श्रवण कुमार, जयेश भाई प्रजापति, दीक्षित भाई प्रजापति, जंकित भाई प्रजापति, मगन भाई प्रजापति, गोविंद भाई प्रजापति, सुनीता बेन, मेघल बेन आदि सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles