सर्किल रेट में छूट प्रदान करते हुए भूमि उपलब्ध कराए निगमःराजेश

Spread the love

देहरादून। समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग को लेकर नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन ने बुधवार को मेयर सुनील उनियाल गामा को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सामान्य कर्मचारियों की भांति सफाई कर्मियों को भी सर्किल रेट में छूट प्रदान करते हुए भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी की। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ की नगर निगम शाखा ने अध्यक्ष राजेश कुमार और सचिव धीरज भारती के नेतृत्व में यूनियन का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को मेयर सुनील उनियाल गामा से मिला। यूनियन ने मेयर को अवगत कराया कि पिछले कईं वर्षों से संघ मांग करता आ रहा है कि सभी सफाई कर्मचारियों को सामान्य कर्मचारियों की भांति सर्किल रेट में छूट प्रदान करते हुए नगर निगम की भूमि उपलब्ध कराए। कईं सफाई कर्मचारी नदी-नालों के किनारे बसे हुए हैं जबकि कईं कर्मचारी आज भी किराए के मकान में रह रहे हैं। जिनके पास निगम क्षेत्र में अपना कोई भी आवास नहीं है। उन्होने कहा कि निगम के सफाई कर्मचारियों को सामान्य कर्मचारियों की भांति भूमि उपलब्ध कराई जाए जिसकी किश्त उनके वेतन से प्राप्त की जाए। संघ आपसे मांग करता है कि निगम के समस्त अस्थायी सफाई कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। वर्तमान में नगर निगम के सामान्य कर्मचारियों को समान कार्य समान वेतन का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपसे निवेदन है कि सामान्य कर्मचारियों की भांति अस्थायी सफाई कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ माह नवंबर 2019 वेतन से दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि संघ को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में राजेश राजौरिया, आशीष छाछर, पार्षद विशाल कुमार, राजीव राजौरी आदि शामिल रहे।

देवभूमि खबर