HTML tutorial
HTML tutorial

स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने किया प्रथम राज्य स्तरीय अंतर मेडिकल कॉलेज खेल महोत्सव उमंग प्रतियोगिता का शुभारम्भ

Spread the love

पौड़ी। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, सहकारिता, उच्च शिक्षा, विद्यालयी शिक्षा एवं संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली ऑडिटोरियम मेडिकल कॉलेज कैम्पस में प्रथम राज्य स्तरीय अंतर मेडिकल कॉलेज खेल महोत्सव उमंग 2022 उमंग प्रतियोगिता का रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया।।

इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके विचार जाने। आयोजित कार्यक्रम छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम से सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर मंत्री ने छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।
     इसके पश्चात उन्होंने सीडीएस बिपिन रावत खेल स्टेडियम श्रीकोट गंगानाली में राज्य स्तरीय खेलकूद में 100 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेहतर जीवन के लिए स्वस्थ तन होना आवश्यक है, इस इसलिए सभी को अपनी दिनचर्या में खेल या अन्य गतिविधियों को शामिल करना चाहिए।

इसके पश्चात शिक्षा मंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज स्वीत के स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि नन्हें बालक-बालिकाओं व छात्रों के बीच आकर मन प्रफुल्लित हो रहा है। कहा कि सरकार छात्रों के हित में हर बेहतर काम करने के लिए तत्पर है। इस दौरान उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
      आयोजित कार्यक्रम के पश्चात  मंत्री ने देश के दूसरे व नवनियुक्त सीडीएस लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान के गांव गंवाणा पहुंचकर स्थानीय लोगों से जनसंपर्क किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यहां कि सम्मानित जनता से भेंट करना एक अभिभूत करने वाला क्षण है। कहा कि अनिल चौहान का सीडीएस बनना गांव के लिए ही नही अपितु क्षेत्र व प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इस दौरान मंत्री ने कहा कि गांव को पक्की सड़क से जोड़ा जायेगा। कहा कि रास्तों व नालियों को ठीक करने के बीडीओ खिर्सू को निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने गांव में पंचायत भवन के नवनिर्माण के लिए 03 लाख की धनराशि देने की बात कही।
       

आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सीएमओ डॉ0 प्रवीण कुमार, उपजिलाधिकारी अजयवीर सिंह, मंडल अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली, अतर सिंह असवाल, रमेश मंद्रवाल, ज्योति देवी, दर्शन सिंह चौहान सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी व आम जनमानस उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles