सूर्य देवभूमि चैलेंज का समापन: 113 किमी ट्रेल पूरा कर प्रतिभागियों ने दिखाया साहस, सीएम धामी ने बढ़ाया उत्साह
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर (टिहरी) में आयोजित “सूर्य देवभूमि चैलेंज” के समापन समारोह में प्रतिभाग करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
भारतीय सेना और उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सेना के 100 जवानों सहित देशभर से लगभग 200 साहसिक ट्रैकर्स ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतिभागियों ने केदार-बदरी ट्रेल पर हेलंग से कलगोट, कलगोट से मंडल होते हुए उखीमठ तक 113 किलोमीटर की कठिन हाई एल्टीट्यूड मैराथन सफलतापूर्वक पूरी की। इस दौरान उन्होंने श्री बदरीनाथ, श्री केदारनाथ धाम सहित पंच केदार को जोड़ने वाले ऐतिहासिक और आध्यात्मिक मार्ग का अनुभव भी प्राप्त किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना केवल सीमाओं की रक्षा ही नहीं करती, बल्कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में साहस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत करती है। इस प्रकार के आयोजन सीमांत क्षेत्रों के विकास, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में साहसिक पर्यटन को नई पहचान मिल रही है और सीमांत क्षेत्र तेजी से विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। राज्य सरकार भी एंगलिंग, राफ्टिंग, कयाकिंग, ट्रेकिंग, पैराग्लाइडिंग, साइकिलिंग और माउंटेनियरिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए गढ़वाल स्काउट के मेजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि यह आयोजन 16 अप्रैल को बदरीनाथ में एक्सपो से शुरू हुआ, जिसके बाद 17 से 19 अप्रैल तक विभिन्न चरणों में मैराथन आयोजित की गई।
समारोह में विधायक विनोद कण्डारी, लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंद्र सिंह बेनीवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

