फर्जी डिग्री सिंडिकेट का एक और सदस्य गिरफ्तार, पौड़ी पुलिस ने देहरादून से दबोचा आरोपी

फर्जी डिग्री सिंडिकेट का एक और सदस्य गिरफ्तार, पौड़ी पुलिस ने देहरादून से दबोचा आरोपी
Spread the love

श्रीनगर।एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी डिग्री, अंकतालिकाएं और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने वाले सिंडिकेट के खिलाफ पौड़ी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से फर्जी अंकतालिकाएं, कूटरचित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख बरामद किए गए हैं।

मामले की शुरुआत 25 मार्च 2026 को हुई, जब एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान ने कोतवाली श्रीनगर में शिकायत दर्ज कराई कि कासिफ कलीम और अन्य लोग विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिकाओं, डिग्री प्रारूपों, फर्जी मोहरों और अधिकारियों के जाली हस्ताक्षरों का उपयोग कर नकली दस्तावेज तैयार कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने पहले नामजद आरोपी कासिफ कलीम को गिरफ्तार किया था। विवेचना के दौरान देवांश पाण्डेय की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे रायपुर, देहरादून से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी देवांश पाण्डेय (20 वर्ष) निवासी करनपुर, डालनवाला, देहरादून के कब्जे से कई फर्जी अंकतालिकाएं, कूटरचित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई कर रही है। साथ ही इस फर्जी डिग्री सिंडिकेट से जुड़े अन्य संदिग्धों और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, महिला उपनिरीक्षक पुष्पा राणा तथा हेड कांस्टेबल हरदयाल सिंह शामिल रहे, जिन्होंने पूरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और महत्वपूर्ण साक्ष्यों की बरामदगी में अहम भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles