थावर चंद गहलोत होंगे राज्यसभा के सदन के नेता
नई दिल्ली।एजेंसी।राज्यसभा में भाजपा ने सदन के नेता को बदल दिया है। अब पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली की जगह पार्टी ने थावर चंद गहलोत को यह जिम्मेदारी सौंप दी है। गहलोत मोदी सरकार में सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
थावर चंद गहलोत को दूसरी बार मोदी कैबिनेट का हिस्सा बनाया गया है। वे बीजेपी के दलित चेहरों में से एक हैं। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में भी थावर चंद गहलोत सामाजिक न्याय और सशक्तीकरण मामलों के मंत्री रहे हैं।
थावर चंद गहलोत का जन्म 18 मई 1948 को मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में हुआ था। उन्होंने उज्जैन के विक्रम विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की। गहलोत 1996 से 2009 के दौरान शाजापुर लोकसभा सीट से सांसद रहे हैं।
