उत्तरांचल मेडिकल एण्ड पब्लिक हैल्थ मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन का चरणबद्ध आंदोलन शुरू
देहरादून।उत्तरांचल मेडिकल एण्ड पब्लिक हैल्थ मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन, उत्तराखण्ड ने संवर्ग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी से वरिष्ठ सहायक के समस्त रिक्त पदों पर यथास्थान पदोन्नति एवं समायोजन की मांग को लेकर स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
धरना प्रदर्शन के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बैठक आयोजित की गई, जिसमें सहायक निदेशक (पैरामेडिकल) डॉ. एन.एस. नपलच्याल के साथ संगठन के विभिन्न पदाधिकारी शामिल रहे। बैठक में संगठन की प्रमुख मांगों पर चर्चा हुई, जिसमें बताया गया कि 27 फरवरी 2025 को केवल तीन पदों पर पदोन्नति के आदेश निर्गत किए जाएंगे। हालांकि, संगठन ने अपनी मांगों पर अडिग रहते हुए स्पष्ट किया कि संवर्ग के सभी रिक्त पदों पर यथास्थान पदोन्नति दी जाए। संगठन ने यह भी अनुरोध किया कि मार्च में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं और संभावित पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए, अन्य संवर्गों की तरह ही यथास्थान पदोन्नति दी जाए, जिससे कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपरोक्तानुसार, संगठन की मांगों पर सहमति न बनने के कारण धरना स्थल पर सर्वसम्मति से आगामी चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई। 28 फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो 1 मार्च 2025 को समस्त मिनिस्ट्रीयल संवर्गीय कार्मिक काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके बावजूद समाधान न निकलने पर 3 मार्च 2025 से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू होगा। इस दौरान सभी कर्मचारी अपने कार्यालयों में उपस्थिति दर्ज कर जिला मुख्यालयों में एकत्र होकर धरना देंगे और जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित करेंगे। साथ ही, देहरादून में स्वास्थ्य महानिदेशालय प्रांगण में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन की मांगें न माने जाने की स्थिति में 10 मार्च 2025 को प्रदेशभर के लगभग 600 कर्मचारी स्वास्थ्य महानिदेशालय का घेराव करेंगे। संगठन ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन में श्रीमती रजनी रावत (प्रांतीय अध्यक्ष), श्री गिरधर सिंह बिष्ट (प्रांतीय सचिव), श्री गजेन्द्र सिंह बिष्ट (प्रांतीय उपाध्यक्ष), श्री संजीव जोशी (प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य), श्री राकेश भट्ट (मंडलीय अध्यक्ष, गढ़वाल), श्री हिमांशु सिंघल (मंडलीय सचिव, गढ़वाल), श्री महेन्द्र सिंह गुसांई (जिलाध्यक्ष अल्मोड़ा), श्री विकम सिंह रौतेला (जिलाध्यक्ष पिथौरागढ़), श्री कमलेश जोशी (जिला सचिव, पिथौरागढ़), श्री पी.एस. मेहता, श्री सतपाल सिंह रावत (जिलाध्यक्ष, रुद्रप्रयाग), श्री नरेन्द्र शवत (जिला सचिव, रुद्रप्रयाग), श्री सूर्यमणि नौटियाल (प्रांतीय अध्यक्ष, कुमाऊं), श्री रविन्द्र डोगरा (जिलाध्यक्ष, पौड़ी), श्री यशवन्त सिंह नेगी, श्री अवधेश पंवार, श्री शुभम भट्ट, श्री विपिन रावत और पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन के महामंत्री श्री अशोकराज उनियाल आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे

