मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश: अनियमित कर्मियों पर होगी कार्रवाई, मिलावटखोरी और बिजली चोरी पर कसेगा शिकंजा

मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश: अनियमित कर्मियों पर होगी कार्रवाई, मिलावटखोरी और बिजली चोरी पर कसेगा शिकंजा
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे कर्मियों को चिह्नित किया जाए जो अपने दायित्वों का भली-भांति निर्वहन नहीं कर रहे हैं। ऐसे कर्मियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए नियमानुसार कार्यवाही की जाए। प्रदेश में सरकारी भूमि और व्यक्तिगत भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, विभिन्न अपराधों में लिप्त वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने और बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए सघन अभियान चलाया जाए। मिलावटखोरों और बिजली चोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को निरंतर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पुलिस को सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित सघन चेकिंग करने और एनडीपीएस एक्ट के तहत नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों की सूची तैयार कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने डीजीपी को राज्य में यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने के विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि ट्रैफिक जाम से लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। साथ ही, पुलिस को रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में और अधिक प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिशियन, कारपेंटर, बार्बर, प्लंबर जैसे क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को प्रशिक्षण देकर उनके कौशल विकास पर ध्यान दिया जाए।

बैठक में सचिव गृह श्री शैलेश बगोली, डीजीपी श्री दीपम सेठ, सचिव एवं गढ़वाल कमिश्नर श्री विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक श्री ए. पी. अंशुमान, और उपाध्यक्ष एमडीडीए श्री बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles