15 अगस्त धूमधाम से मनाया जायेगा
रूद्रपुर ।देश की आजादी का उत्सव 15 अगस्त धूमधाम से मनाया जायेगा। आज एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में अपर जिलाधिकारी जगदीश चन्द्र काण्डपाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में स्वतंत्रता दिवस पर मनाये जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में तय किया गया कि प्रातः 07 बजे स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा गांधी पार्क से शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुये प्रभात फेरी निकाली जायेगी। 14 एवं 15 अगस्त को शासकीय इमारतों, भवनों को कम बोल्टेज एलईडी बल्वों से सांय 06 बजे से रात्रि 11 बजे तक प्रकाशमान किया जायेगा। 15 अगस्त को सभी सरकारी /गैर सरकारी व स्कूलों में प्रातः 09 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा, जबकि जिला मुख्यालय पर जिलाधिकारी द्वारा प्रातः 09.30 बजे ध्वजारोहण किया जायेगा। सभी विद्यालयो मे स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें। खेल विभाग द्वारा 15 अगस्त को प्रातः 06.30 बजे से काशीपुर, बाजपुर, रूद्रपुर व खटीमा मे क्रास कंट्री दौड आयोजित कराई जायेगी।
एडीएम ने नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायतो के अधिशासी अधिकारियों को विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा इस अवसर पर पाॅलिथिन उन्मूलन कार्यक्रम भी चलाये जाए ताकि पाॅलिथिन पर पूर्ण रोक लगाई जा सकें। उन्होने कहा जनपद स्तर के साथ-साथ तहसील व ब्लाॅक मुख्यालयो पर भी प्रभात फेरी के कार्यक्रमों के साथ-साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किये जाए। उन्होने कहा जनपद के साथ-साथ तहसीलो मे आने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियो को भी सम्मानित किया जाए।
बैठक मे मुख्य शिक्षा अधिकारी एके सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 शैलजा भट्ट, मुख्य नगर आयुक्त जयभारत सिंह, एएसपी प्रमोद कुमार, एसडीएम मुक्ता मिश्र, जिला क्रीडा अधिकारी रशिका सिद्धकी, उद्यान अधिकारी डीसी तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

