सहकारिता विभाग को मिले छह नए सहायक निबंधक,पर्वतीय जिलों में दी गई पहली तैनाती

सहकारिता विभाग को मिले छह नए सहायक निबंधक,पर्वतीय जिलों में दी गई पहली तैनाती
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड के सहकारिता विभाग को छह नए सहायक निबंधक मिले हैं। राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित इन अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न पर्वतीय जिलों में पहली तैनाती दी गई है।

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नव नियुक्त सहायक निबंधकों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके आने से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक कार्यों में सुधार होगा और सहकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा। डॉ. रावत ने बताया कि प्रदेश में सहकारिता को नए आयाम देने के लिए सरकार युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है। प्रशासनिक ढांचे को मजबूत कर योजनाओं को धरातल पर उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि काश्तकारों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को सहकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। इसी कड़ी में नव चयनित सहायक निबंधकों को विभिन्न जिलों में नियुक्त किया गया है। इनमें सौरभ कुमार को पौड़ी गढ़वाल, रोहित कुमार को अल्मोड़ा, प्रियंका घनसेला को उत्तरकाशी, आशीष को बागेश्वर, प्रवीण रावत को उत्तरकाशी और अंकित कुमार को पिथौरागढ़ में तैनात किया गया है।

नव नियुक्त अधिकारियों को डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी, नैनीताल में 12 सप्ताह का प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद, सहकारी प्रबंध संस्थान देहरादून में 43 दिनों की इंडक्शन और ओरिएंटेशन ट्रेनिंग कराई गई। मंत्री ने कहा कि इन अधिकारियों की नियुक्ति से सहकारिता विभाग के कार्यों में तेजी आएगी और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ आम जनता तक पहुंचेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि काश्तकारों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों और युवा उद्यमियों को ऋण वितरण में अधिक सहूलियत होगी।

  सहकारिता मंत्री,  डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि नव नियुक्त जिला सहायक निबंधकों की तैनाती से विभागीय कार्यों में तेजी आने के साथ ही राज्य में सहकारिता आंदोलन के उद्देश्यों को प्राप्त करने में मदद मिलेगी। साथ ही, विभागीय योजनाओं की मॉनिटरिंग भी बेहतर हो पाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles