राष्ट्रीय अभिमान मोर्चा ने सीएम से असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की
देहरादून। राष्ट्रीय अभिमान मोर्चा ने उत्तराखंड सरकार से प्रदेश में असमाजिक व विघटनकारी तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मोर्चा ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन में कहा कि कुछ असामाजिक तत्व समाज में भय का माहौल बना रहे हैं, विशेष रूप से व्यापारी वर्ग और महिलाओं के बीच असुरक्षा की भावना को बढ़ावा दे रहे हैं। इससे प्रदेश की जनता में रोष और आक्रोश व्याप्त हो रहा है।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि ये असामाजिक तत्व उत्तराखंड को पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बांटने की साजिश रच रहे हैं और भड़काऊ बयानबाजी कर रहे हैं। इससे न केवल प्रदेश की सामाजिक शांति प्रभावित हो रही है, बल्कि सरकारी कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। मोर्चा ने सरकार से मांग की कि इन तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनी रहे और जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।
राष्ट्रीय अभिमान मोर्चा ने आशंका जताई कि ये असामाजिक तत्व सोशल मीडिया का उपयोग कर भड़काऊ वीडियो और संदेश प्रसारित कर रहे हैं, जिससे जनता को उग्र आंदोलन के लिए उकसाया जा रहा है। साथ ही, कुछ अवैध कार्यों में लिप्त लोग इन्हें धन की आपूर्ति कर रहे हैं, ताकि प्रदेश में अव्यवस्था फैलाई जा सके और सरकार को अस्थिर किया जा सके।
मोर्चा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रदेश की जनता का सरकार और न्याय प्रणाली में विश्वास बना रहे।
इस मौके पर राष्ट्रीय अभिमान मोर्चा के अध्यक्ष आदेश मंगल, महामंत्री संजय कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष आलोक कुमार, महिला उपाध्यक्ष रीना गोयल, संगठन सचिव पुनीत कुमार नंदा, कोषाध्यक्ष नीरज गोयल, मीडिया सचिव विजय गिरी, प्रचार एवं प्रसार सचिव प्रवीण गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य पवन कुमार और विशेष आमंत्रित सदस्य सुभाष चौहान उपस्थित रहे।

