चमोली पुलिस का बड़ा एक्शन: नेपाल लिंक वाले बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 5 लाख से अधिक की 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
चमोली। जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए चमोली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा कर 5 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान नेपाल लिंक वाले एक संगठित वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य मामले में बद्रीनाथ धाम से चोरी हुई बाइक को 24 घंटे के भीतर बरामद कर एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया।
पहले मामले में 28 अप्रैल 2026 को थराली क्षेत्र से करीब 2.25 लाख रुपये कीमत की केटीएम आरसी-200 मोटरसाइकिल और 22 मई 2026 को लगभग 2 लाख रुपये कीमत की पल्सर आरएस-200 मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायतें दर्ज हुई थीं। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर गठित टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और जांच के दौरान दो नेपाली नागरिकों की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी देव भण्डारा निवासी सुरखेत (नेपाल) को सुल्तानपुर से तथा उसके साथी प्रेम बहादुर निवासी जाजरकोट (नेपाल) को थराली क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर दोनों की निशानदेही पर चोरी की गई केटीएम आरसी-200 और पल्सर आरएस-200 मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की केटीएम बाइक को चोरी का होने की जानकारी के बावजूद पीयूष आर्य ने खरीदकर अपने परिचित कुनाल सिंह बिष्ट को मात्र 40 हजार रुपये में बेच दिया था। चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में संलिप्त पाए जाने पर दोनों को भी गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरोह महंगी स्पोर्ट्स बाइकों को निशाना बनाकर उन्हें नेपाल तथा अन्य क्षेत्रों में बेचने का काम करता था।
दूसरे मामले में 7 जून 2026 को बद्रीनाथ धाम के माणा प्रवेश द्वार के पास से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को चमोली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। गौचर पुलिस चौकी की चेकिंग के दौरान एक 14 वर्षीय विधि-विवादित किशोर चोरी की बाइक के साथ पकड़ा गया।
पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह पहले हरिद्वार से एक मोटरसाइकिल चोरी कर बद्रीनाथ पहुंचा था और पेट्रोल खत्म होने पर माणा क्षेत्र में खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को अपनी चाबी से स्टार्ट कर चोरी कर ले गया, जबकि पहली बाइक वहीं छोड़ दी। पुलिस ने किशोर को किशोर न्याय अधिनियम के तहत संरक्षण में लेते हुए मामले में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी की है।
चमोली पुलिस ने कहा है कि वाहन चोरी जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आमजन से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

