इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती बनी जानलेवा हमला की वजह, टिहरी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
टिहरी गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा करते हुए महिला पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने महिला पर पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को ज्ञानसू निवासी वादी ने कोतवाली चंबा में तहरीर देकर बताया कि उसकी चाची 4 जून को दवाई लेने के लिए चंबा गई थीं, लेकिन बाद में उनका मोबाइल बंद हो गया। काफी तलाश के बाद वह भंडार गांव के एक खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं, जिनके सिर पर गहरी चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया और वर्तमान में उनका उपचार जौलीग्रांट अस्पताल, देहरादून में चल रहा है। मामले में कोतवाली चंबा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक चंबा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्यों का संकलन, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण और गहन सुरागरसी-पतारसी कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। इसके आधार पर 9 जून 2026 को आरोपी सुरेश लाल उर्फ सूरज निवासी कठ्यूड़, थाना पैठाणी, जनपद पौड़ी गढ़वाल को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह मसूरी में अपनी बहन के पास जा रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पहचान पीड़िता से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी और दोनों पिछले कई महीनों से संपर्क में थे। 4 जून को दोनों चंबा क्षेत्र के भंडार गांव के एक सुनसान खेत में मिले, जहां किसी बात को लेकर विवाद और हाथापाई हो गई। आरोपी ने पहले महिला का मोबाइल छीनकर झाड़ियों में फेंक दिया और फिर गुस्से में पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया। महिला के घायल होने के बावजूद उसने दोबारा हमला किया और उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल बंद कर सिम कार्ड भी नष्ट कर दिया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में घटना से जुड़े तथ्यों को स्वीकार करते हुए पीड़िता का मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी में सहयोग करने की इच्छा जताई है। पुलिस मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया के माध्यम से बनने वाले संबंधों में सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र भंडारी, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सहित चंबा पुलिस और सीआईयू की टीम शामिल रही।

